पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रहे शिक्षा क्रांति अभियान के अंतर्गत आज होशियारपुर के विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने सरकारी हाई स्कूल डाडा में नवनिर्मित चारदीवारी का उद्घाटन किया। इस चारदीवारी का निर्माण 6 लाख रुपए की लागत से किया गया है। इस अवसर पर विधायक जिंपा ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मज़बूत किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि स्कूलों में चारदीवारी की अनुपस्थिति एक गंभीर चिंता का विषय था, जिसे सरकार प्राथमिकता के आधार पर हल कर रही है।
विधायक ने बताया कि इस चारदीवारी के निर्माण से न केवल स्कूल की सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि छात्रों में आत्मविश्वास भी विकसित होगा। उन्होंने स्कूल स्टाफ और गांव वासियों से अपील की कि वे स्कूल को एक आदर्श शिक्षण केंद्र बनाने में सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और अभिभावकों ने भी सरकार की इस पहल की सराहना की। इस मौके पर सरपंच सुरिंदर कुमार, कश्मीरी लाल, रोशन लाल, पूर्व सरपंच सुरजीत राम, अवतार सिंह लंबरदार, हैडमास्टर सुरिंदर कुमार, बलबीर सिंह के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।