आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स की टीम इस बार सबसे बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। कल के अहम मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। पंजाब किंग्स में जहां कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं पंजाब के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ प्रभसिमरन सिंह का खेल भी बेहद उच्च स्तर का रहा।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इस मैच में प्रभसिमरन ने 36 गेंदों पर 54 रन बनाए, जो कि जीत के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुए। प्रभसिमरन के प्रदर्शन के बारे में अधिक जानने के लिए जब पटियाला की अकादमी "क्रिकेट हब" के कोच कमल संधू से बातचीत की गई, तो उन्होंने इस पूरे प्रदर्शन का श्रेय प्रभसिमरन की कड़ी मेहनत को दिया।
कोच कमल संधू ने बातचीत में बताया कि प्रभसिमरन दोपहर के समय लगभग पाँच घंटे तक लगातार अभ्यास करता था। इस अभ्यास में वह ओपन नेट पर बल्लेबाज़ी, साइड आर्म थ्रो के साथ बल्लेबाज़ी की प्रैक्टिस और विशेष विकेटकीपिंग की ड्रिल्स किया करता था। उन्होंने बताया कि अकादमी में चाहे बारिश हो जाए या तेज़ हवा चले, प्रभसिमरन हर मौसम में नियमित रूप से अभ्यास करता रहा। कोच ने यह भी बताया कि उसने कभी भी अभ्यास में गैर-हाज़िरी नहीं की। बारिश के दिनों में वह इंडोर प्रैक्टिस किया करता था।
इस विषय में जब खुद खिलाड़ी प्रभसिमरन से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने बचपन में ही पटियाला में क्रिकेट की शुरुआत की थी और उनकी खेल में निखार क्रिकेट हब के कोच कमल संधू की सही मार्गदर्शन में आया। उन्होंने अपनी मेहनत का श्रेय जहां अपने माता-पिता को दिया, वहीं अपने कोच कमल संधू और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के रचनात्मक सहयोग को अपनी सफलता में अहम योगदान बताया।