पंजाब के खाद्य एवं सिविल सप्लाई मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने आज अनाज मंडी सरहिंद में चल रही गेहूं की खरीद प्रक्रिया का जायजा लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हमेशा ही किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए बड़े फैसले लिए हैं और मौजूदा सीजन के दौरान गेहूं की खरीद व्यवस्था के साथ जुड़े हर वर्ग की सुविधाओं को यकीनी बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रबंध किए गए हैं, जिससे किसान, मजदूर और आढ़ती बड़ी राहत महसूस कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वे गेहूं सीजन की शुरूआत से ही राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर रहे हैं और यह खुशी की बात है कि किसी भी जिले के दौरे के दौरान किसी भी किसान ने अनाज मंडियों में किसी भी समस्या का मुद्दा नहीं उठाया।
श्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अब तक प्रदेश की 1864 मंडियों में 97 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस बार राज्य में गेहूं की बंपर पैदावार हुई है, जिससे किसानों और खेत मजदूरों को काफी लाभ हुआ है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की मंडियों में 102 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है और मंडियों में खरीदे गए गेहूं के भुगतान के रूप में किसानों को 18,000 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस बार गेहूं की बंपर पैदावार के कारण केंद्रीय पूल में हिस्सेदारी के लिए निर्धारित 124 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य आसानी से हासिल हो जाएगा।
श्री कटारूचक्क ने कहा कि राज्य के 5.25 लाख किसान अपनी उपज मंडियों में लेकर आए हैं और सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में की गई व्यवस्थाओं से किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी हुई है। मंडी में उपस्थित मजदूरों से बातचीत करते हुए श्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि पंजाब सरकार ने मंडियों में लोडिंग का काम करने वाले मजदूरों की मजदूरी दर बढ़ाकर 2.64 रुपए प्रति बोरी कर दी है।
उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व तक श्रमिकों को प्रति बोरी 1.80 रूपये मिलते थे, जिसे 41 पैसे बढ़ाकर 2.21 रुपए किया गया तथा अब मजदूरी दरों में 43 पैसे की और वृद्धि करके एक वर्ष के भीतर कुल मजदूरी दरों में 84 पैसे की वृद्धि की गई है, जिससे श्रमिकों को एक वर्ष में 10 करोड़ रूपये का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर श्री कटारूचक्क ने मंडी में उपस्थित किसानों, मजदूरों एवं व्यापारियों से बातचीत भी की। उन्होंने अनाज मंडी सरहिंद में किए गए खरीद प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया। इस मौके पर हलका विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय, डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद, मार्केट कमेटी सरहिंद के चेयरमैन गुरविंदर सिंह ढिल्लों, जिला योजना कमेटी के चेयरमैन अजय सिंह लिबड़ा, एसडीएम फतेहगढ़ साहिब अरविंद गुप्ता, डीएफएससी श्रीमती मीनाक्षी के इलावा जिला मंडी अधिकारी असलम मोहम्मद, सचिन कुमार डीएम मार्कफेड, केवल सिंह एएफएसओ, तरसेम लाल उप्पल अध्यक्ष आढ़ती एसोसिएशन सरहिंद, राजेश उप्पल अध्यक्ष आढ़ती एसोसिएशन मुलेपुर, तजिंदर सिंह, बलवीर सिंह सोढ़ी, बलजिंदर गोला, रमेश कुमार सोनू, पावेल हांडा, सतिंदर मलिकपुर और बड़ी संख्या में अन्य हस्तियां मौजूद थीं।