उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नुनवान और चंदनवाड़ी बेस कैंप का दौरा किया।नुनवान बेस कैंप में उपराज्यपाल ने तीर्थयात्रियों के साथ बातचीत की और कतार प्रबंधन की व्यवस्था की समीक्षा की।बेस कैंप में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उपराज्यपाल ने खराब मौसम की स्थिति में यात्रियों के लिए आरामदायक रहने, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल, कनेक्टिविटी, स्वच्छता, पानी और अन्य सुविधाओं के लिए किए गए उपायों पर चर्चा की।
उपराज्यपाल को बताया गया कि शिविर निदेशक सेवा प्रदाताओं, हितधारकों के साथ नियमित बैठकें कर रहे हैं और चेक-पॉइंट पर अतिरिक्त लेन जोड़ी गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन तीर्थयात्रियों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील है, उत्तरदायी है और परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की है।
उपराज्यपाल ने कहा “मुझे सराहनीय कार्य और यात्रा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने हेतु पूरी टीम, श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीएपीएफ, सेना, बीआरओ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, माउंटेन रेस्क्यू टीमों, सेवा प्रदाताओं, नागरिकों पर बेहद गर्व है। अपनी एकजुटता, संकल्प और तैयारी के माध्यम से, हम भविष्य की किसी भी चुनौती पर काबू पा लेंगे।”
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा “देश और विदेश के तीर्थयात्री अब जम्मू-कश्मीर के ब्रांड एंबेसडर हैं। आध्यात्मिक तीर्थयात्रा से जुड़ी आर्थिक गतिविधियाँ स्थानीय लोगों के लिए आजीविका पैदा करती हैं और केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटकों की आमद बढ़ाती हैं।”बैठक में सुरक्षा और पुलिस कर्मियों, डॉक्टरों, चिकित्सा कर्मचारियों, बचाव टीमों की तैनाती और यात्रियों की सुचारू आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए उठाए गए कदमों पर भी चर्चा हुई।
चंदनवाड़ी बेस कैंप की अपनी यात्रा के दौरान, उपराज्यपाल ने तीर्थयात्रियों, स्वच्छता कार्यकर्ताओं, सेवा प्रदाताओं के साथ बातचीत की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उपराज्यपाल के साथ श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के सीईओ डॉ. मंदीप कुमार भंडारी, एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार, संभागीय आयुक्त कश्मीर विजय कुमार बिधूड़ी, प्रशासनिक सचिव राजस्व विभाग डॉ. पीयूष सिंगला, अनंतनाग के उपायुक्त सईद फखरुद्दीन हामिद और जिला प्रशासन, एसएएसबी, पुलिस और सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थे।