महंगाई का दौर है। परिवार में 4-5 लोगों से ज्यादा सदस्य हो तो घर चलाना मुश्किल हो जाता है। वहीं एक परिवार आज भी ऐसा है जिसमें 181 लोग एक ही छत के नीचे रहते हैं। सुनने में भले ही ये बात आपको अजीब लग रही होगी लेकिन ये सौ आने सच बात है। वैसे तो भारत में बड़े-बड़े परिवार देखना आम बात है लेकिन 181 लोगों का परिवार, ये थोड़ा ज्यादा हो गया।
आपको जानकर हैरानी होगी कि इस परिवार के मुखिया ने एक दो नहीं बल्कि 39 शादियां की हैं। एक पत्नी को संभालाना मुश्किल है लेकिन जनाब 39 पत्नियों के साथ खुशी से रह रहे हैं। कमाल की बात यह है कि इतनी सारी पत्नियां और उनके बच्चों के साथ वह एक ही छत के नीचे रहते हैं। इस परिवार को देश का सबसे बड़ा परिवार का दर्जा मिला है। मिजोरम के रहने वाले जियोना चाना के बारे में जो भी सुनता है उसे इस बात पर पर यकीन नहीं होता। गिनीज बुक में दर्ज इस परिवार में कुल 181 सदस्य हैं। 94 बच्चों और 33 पोते और पोतियों वाला यह परिवार साथ रहता ही नहीं बल्कि साथ खाना बनाता और खाता भी है।
अपने बेटों के साथ बढ़ई का काम करने वाले जियोना चाना का परिवार मिजोरम में खूबसूरत पहाड़ियों के बीच बटवंग गांव में एक बड़े से मकान में रहता है। परिवार के साथ चाना का मकान भी सबसे बड़ा है। चाना के मकान में सौ कमरे हैं। उसमें एक बड़े से रसोईघर के अलावा सबके लिए पर्याप्त जगह है और जिओना अपने परिवार को बड़े अनुशासन से चलाते हैं। चाना के बड़े बेटे नुनपरलियाना की पत्नी थेलेंजी बताती हैं कि परिवार में सब लोग बड़ी खुशी से रहते हैं और लड़ाई झगड़े जैसी कोई बात नहीं है। खाना बनाने और घर के अन्य कामकाज भी सब मिलकर करते हैं।
परिवार की महिलाएं खेती करती हैं और घर चलाने में योगदान देती हैं। चाना की सबसे बडी पत्नी मुखिया की भूमिका निभाती हैं और घर के सभी सदस्यों के कार्यों का बंटवारा करने के साथ ही कामकाज पर नजर भी रखती हैं। चाना के घर में एक दिन में 45 किलो से ज्यादा चावल, 30-40 मुर्गे, 25 किलो दाल, दर्जनों अंडे, 60 किलो सब्जियों की जरूरत होती है।
वोट मांगने के लिए नेताओं की लगती है लंबी लाइन-
जरा सोचिए इतने बड़े परिवार को एक सूत्र में बांधना कितना मुश्किल काम है। ये काम तो आपको कोई मैनेजमेंट स्कूल या कॉलेज भी नहीं सकता। इसलिए इस घर के मुख्या को अगर दुनिया का सबसे बेस्ट मैनेजर भी कहा जाए तो शायद गलत नहीं होगा। इतना ही नहीं इलाके की सियासत में भी चाना परिवार का खासा दबदबा है। एक साथ एक ही परिवार में इतने सारे वोट होने की वजह से तमाम नेता और इलाके की राजनीतिक पार्टियां जियोना चाना को अच्छा खासा महत्व देती हैं।
आई थी मौत की खबर-
साल 2021 में ये खबर भी आई थी कि इस परिवार के मुख्या जियोना चाना की मौत हो गई थी। देश के कई मीडिया पोर्टल पर इस खबर को प्रकाशित किया गया। लेकिन कुछ पोर्टल पर इस खबर का खंडन भी हुआ। हम जियोना चाना की मौत से जुड़ी किसी खबर का दावा नहीं कर रहे हैं। हमारा मकसद तो सिर्फ आप तक इस रोचक जानकारी को पहुंचाना था। आखिर कैसे इस महंगाई के दौर में इतने लोग एक छत के नीचे रहते हैं। बिना लड़ाई झगड़ों के कईं सालों से एक साथ रह रहे हैं। ये प्यार, विश्वास और मैनेजमेंट का सबसे बड़ा उदाहरण है।