पूर्व मुख्यमंत्री व अमृतसर से कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी अरुण जेतली को बताने को कहा है कि क्यों गुजरात के मुख्यमंत्री व भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरिन्दर मोदी ने गुजरात में पंजाबी किसानों के खिलाफ दायर अपील को वापिस नहीं लिया है।यहां डी.ए.वी. कॉलेज से हिन्दू कॉलेज तक रोड शो की शुरूआत करने से पहले पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत के दौरान कैप्टन अमरिन्दर ने कहा कि 23 फरवरी को जगराओं में रैली के दौरान मोदी द्वारा किए गए वायदे को दो माह बीत जाने के बाद भी क्यों गुजरात सरकार ने अभी तक कुछ नहीं किया।उन्होंने कहा कि हम जेतली से इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर जवाब चाहते हैं, जो उनके (जेतली) जैसे कि वह दावा करते हैं, सहित हरेक पंजाबी से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि तीन प्रमुख कारणों के चलते जेतली को इस बारे जवाब देना चाहिए।इस क्रम में पहले तो वह गुजरात से सांसद हैं, दूसरा वह खुद को पंजाब से जुड़ा होने का दावा करते हैं और तीसरा वह पंजाब के इस सबसे महत्वपूर्ण शहर से चुनाव लड़ रहे हैं, जो इसके इतिहास व संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने कहा कि वह जेतली से कुछ ज्यादा नहीं पूछ रहे, सिर्फ एक आसान सवाल पूछ रहे हैं कि क्यों गुजरात सरकार ने गुजरात हाइकोर्ट द्वारा पंजाबी किसानों के हक में दिए फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दायर अपनी अपील को वापिस नहीं लिया।एक सवाल कि जेतली दावा कर रहे हैं कि वह सिर्फ मुद्दों की बात करते हैं, जबकि कैप्टन अमरिन्दर सिर्फ व्यक्तियों की, पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कैप्टन अमरिन्दर ने कहा कि जब एक व्यक्ति मुद्दा बन जाता है और वह भी सभी गलत कारणों के चलते, तो फिर वह चाहे मोदी हो या मजीठिया, सवाल तो किए ही जाएंगे। क्या इसको इनका घमंड माना जाए या फिर अज्ञानता?उन्होंने सवाल किया कि क्यों जेतली इन सवालों के जवाब देने से भाग रहे हैं। उन्होंने कई मुद्दों पर जेतली का पक्ष पूछा है, परंतु उनके पास से इनका जवाब नहीं आया? उन्होंने कहा कि बातचीत का समय आ गया है, यह सवाल वे हैं, जिनका जवाब सिर्फ इनके पास ही है।