विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने शुक्रवार को गरीब व जरूरतमंद लोगों में फूड पैकेट वितरित किए। इससे पहले उन्होंने विभिन्न समाज सेवी व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात की और उनका आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि इन लोगों के जज्बे को सलान है, जिनकी बदौलत संकट की इस घड़ी में जरूरतमंद लोगों तक खाना पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में लोगों तक राहत पहुंचाने की मुहिम को और तेज किया जाएगा। उन्होंने लोगों को मुसीबत की इस घड़ी में पार्टीबाजी से ऊपर उठकर लोगों की मदद की अपील की।विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने कर्फ्यू के दौरान गरीब व जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए राशन के 8 हजार पैकेट तैयार करवा लिए हैं, जिनका वितरण जल्द ही हलके में शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की कोई भी जरूरत नहीं है क्योंकि वह किसी भी घर में राशन इत्यादि को लेकर तंगी नहीं आने देंगे। विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने कहा कि इसके अलावा 8 हजार अन्य फूड पैकेट्स की खेप पंजाब सरकार की तरफ से जारी की जा रही है, जोकि जल्द ही लोगों तक पहुंचेगी। कुल 16 हजार फूड पैकेट्स वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए 2 किलो चीनी, 2 किलो दाल और 10 किलो आटा के कुल 8 हजार पैकेट्स तैयार करवाए गए हैं। विधायक पिंकी ने बताया कि करोना वायरस के खिलाफ चल रही जंग हम सभी को मिलकर जीतनी होगी। लोगों को पंजाब सरकार की तरफ से जारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए घरों में रहना होगा और उन तक गुजारे के लिए जरूरी सामान पहुंचाना सरकार की जिम्मेवारी है। इसमें कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ से पहले ही जरूरी सामान की होम डिलीवरी की सुविधा मुहैया करवाई जा चुकी है। इसके बावजूद जो लोग रह जाएंगे, उन तक हम मिलकर राशन और खाना पहुंचाएंगे। विधायक ने लोगों से कर्फ्यू का पालन करने की अपील की ताकि करोना वायरस के संक्रमण को और आगे फैलने की चैन को रोक जा सके।विधायक ने कहा कि शहर के लोग उनके लिए एक परिवार की तरह हैं और संकट की इस घड़ी में वह अपने परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलकर खड़े हैं और लोगों को राशन, खाने इत्यादि के मामले में किसी भी कीमत पर तंगी नहीं झेलने दी जाएगी।