राज्यपाल श्रीमती उर्मिला सिंह तथा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा जिले के धर्मशाला के समीप कुणालपत्थरी में आज हुई बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने परमपिता परमात्मा से दिवंग्त आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। राज्य मुख्यालय पर प्राप्त सूचना के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त निजी बस धर्मशाला से गग्गल जा रही थी और दिन में करीब एक बजे के पास यह बस कुणालपत्थरी मन्दिर के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में कुल 29 व्यक्ति सवार थे। इनमें से दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई तथा चार व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गए। गम्भीर रूप से घायल चारां व्यक्तियों को डा. राजेन्द्र प्रसाद मैडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा रैफर किया गया है, जबकि अन्य घायल व्यक्तियों को ज़ोनल अस्पताल धर्मशाला में दाखिल किया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचे और घायलों का कुशल क्षेम पूछा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध करवाई जाए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
परिवहन तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री जी.एस. बाली, शहरी विकास मंत्री श्री सुधीर शर्मा, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री जगदीश सिपहिया तथा पूर्व विधायक श्री सुरेन्द्र काकू ने भी अस्पताल पहुंच कर घायलों का कुशल क्षेम जाना।परिवहन मंत्री श्री जी.एस. बाली ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मृतकों के आश्रितों को 1.50-1.50 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे, जबकि गम्भीर रूप से घायल व्यक्तियों को 10-10 हजार रुपये तथा अन्य घायलों को 5-5 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि घायलों को दवाईयां निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी तथा उनके इलाज का खर्च भी प्रदेश सरकार वहन करेगी।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती विद्या स्टोक्स, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री कौल सिंह ठाकुर, ऊर्जा मंत्री श्री सुजान सिंह पठानिया, वन मंत्री श्री ठाकुर सिंह भरमौरी, उद्योग तथा सूचना एवं जन सम्पर्क मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री, आबकारी एवं कराधान मंत्री श्री प्रकाश चौधरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. कर्नल धनी राम शांडिल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री अनिल शर्मा, मुख्य संसदीय सचिव सर्व श्री नीरज भारती, राजेश धर्माणी, विनय कुमार, जगजीवन पाल, नन्द लाल, रोहित ठाकुर, सोहन लाल ठाकुर, इन्द्रदत्त लखनपाल और श्री मनसा राम ने भी इस दुर्घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है।