उप्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी भाजपा : हेमा मालिनी
5 Dariya News
लखनऊ , 01 Feb 2017
Last updated on: Feb 01, 2017, 00:00 IST
आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की उप्र समेत सभी राज्यों में पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही है। भाजपा के बढ़ रहे प्रभाव से बौखलाई पार्टियां गठबंधन कर रही हैं जो अवसरवाद का उदाहरण है। यह कहना है मथुरा की भाजपा सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी का। राजधानी स्थित सुलतानपुर रोड के सेक्टर-एफ में इस्कान मंदिर का शिलान्यास के अवसर पर आई सांसद हेमा मालिनी ने केंद्र सरकार की नीतियों की तारीफ की और कहा कि नोटबंदी से काला धन बाहर आया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकास की रणनीति समाज को आगे ले जा रही है।पार्टी की स्टार प्रचारक होने पर किए सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी हमें जो भी जिम्मेदारी देगी उसे निभाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह दो फरवरी को बागपत से चुनावी प्रचार शुरू करेंगी। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें प्रचार के लिए कहती है तो वह पंजाब सहित पांचों राज्यों में प्रचार के लिए जा सकती है।मंदिर में हेमामालिनी के आने से वहां लोगों की भीड़ लग गई। जिसे सम्भालने के लिए सुरक्षाकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी।