गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पार्सेकर ने शुक्रवार को यह कहते हुए अपने दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल की आलोचना की कि वह मुद्दों को सनसनीखेज बनाकर पेश करते हैं और इसलिए लोग उन्हें पसंद करते हैं, वरना किसी भी रूप में वह आदर्श व्यक्ति नहीं हैं। गोवा के मुख्यमंत्री से जब गुरुवार को समाप्त हुई केजरीवाल की राज्य की तीन दिवसीय यात्रा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "लोग उन्हें इसलिए पसंद करते हैं, क्योंकि वह मुद्दों को सनसनीखेज बनाकर पेश करते हैं। लोग इसका इंतजार करते रहते हैं कि आखिर वह कौन सा बम फोड़ने वाले हैं।"पार्सेकर ने कहा, "केजरीवाल कुछ करते नहीं हैं, बल्कि सिर्फ झूठ बोलते हैं।
कई संसदीय सचिवों की नियुक्ति करने वाले ने क्या राज्य का धन बचाया? उन्हें इसके बारे में बोलना चाहिए। केजरीवाल हमारे आदर्श नहीं हैं।"केजरीवाल के इस दावे के बारे में पूछे जाने पर कि गोवा में 2017 में होने वाले चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) राज्य विधानसभा की 40 में से 35 सीटें जीतेगी, पार्सेकर ने कहा, "35 सीटें? हां, हां उन्हें 45 सीटें कहना चाहिए। क्या वह पांच विधानसभाओं के भी नाम बता सकते हैं?"केजरीवाल ने इस सप्ताह की शुरुआत में गोवा का दौरा किया था और राज्य के लोगों से मुलाकात की थी। उन्होंने दावा किया था कि आप गोवा में दिल्ली के चुनाव नतीजों को दोहराएगी, जहां उसने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों को हराते हुए शानदार जीत दर्ज की।