जम्मू एवं कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहे तीन आतंकवादियों को मंगलवार को मार गिराया गया। जम्मू एवं कश्मीर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को हो रहे मतदान के दिन नियंत्रण रेखा से सटे नौगाम इलाके में घुसपैठ की कोशिश हुई, जिसे सेना ने नाकाम कर दिया है। हालांकि दोपहर 12.30 बजे तक सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी जारी थी। सेना का कहना है कि भारी हथियारों से लैस पांच से आठ आतंकवादियों ने नियंत्रण रेखा के नौगाम इलाके में मंगलवार सुबह घुसपैठ करने की कोशिश की। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "चौकस जवानों ने नियंत्रण रेखा से सटे नौगाम सेक्टर में आतंकवादियों पर गोली चलाई। तीन आतंकवादी मारे जा चुके हैं।"