हमीरपुर जिला में आधार आधारित एलपीजी सब्सिडी की डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना का आज हमीरपुर में उपायुक्त आशीष सिंहमार ने शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त आशीष सिंहमार ने कहा कि इस योजना के आरंभ होने से एलपीजी सिलेंडरों पर दी जा रही सब्सिडी सीधे उपभोक्ता के बैंक खाते में जमा होगी। उन्होंने कहा कि एलपीजी सब्सिडी की डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना सभी बेनामी एलपीजी कनेक्शनों तथा सिलेंडरों के विविधिकरण को रोकने तथा सही लाभार्थी को लाभ पहुंचाने, सब्सिडी डिलीवरी सिस्टम की लीकेज को रोकने में कारगर साबित होगी। इस योजना में भागीदारी करते हुए उपभोक्ता सीधे तौर पर राष्ट्र निर्माण में भागीदार होंगे, इस योजना से बचाए गए संसाधनों को सरकार अन्य सामाजिक क्षेत्र के कार्यक्रमों में उपयोग कर सकेगी। उपायुक्त आशीष सिंहमार ने कहा कि हमीरपुर जिला में इस योजना का लाभ 84335 उपभोक्ताओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना के आरंभ होने से लाभार्थियों को सब्सिडी का त्वरित लाभ सुनिश्चित होगा तथा केंद्र से सीधा लाभार्थी के खाते में सब्सिडी उपलब्ध हो जाएगी जबकि इससे पहले केंद्र से राज्य और राज्य से जिला स्तर तथा जिला स्तर से उपमंडल स्तर और उसके पश्चात लाभार्थी तक मदद पहुंचती थी इस योजना के आरंभ होने से समय की बचत के साथ साथ त्वरित लाभ सुनिश्चित होगा।इससे पहले इंडियन आयल के मुख्य प्रबंधक बीके ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए डायरेक्ट ट्रांसफर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत सार्वजनिक क्षेत्र की तेल मार्केटिंग कंपनियां उन उपभोक्ताओं के बैंक खाते में एडवांस ट्रांसफर करेंगी जिन्होंने एलपीजी वितरक तथा बैंक खाते को आधार नंबर से जोड़ने की औपचारिकताएं पूरी की हैं। उन्होंने बताया कि योजना के आरंभ होने ही रिफिल बुक करने पर 435 रूपये एलपीजी उपभोक्ताओं के बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएगा ताकि मार्केट रेट पर उपभोक्ता सिलेंडर खरीद सकें।