निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश के भरमौर (अनुसूचित जनजाति), लाहौल-स्पीति (अ.ज.जा.) तथा किन्नौर (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्रों में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। यह पुनरीक्षण प्रथम जनवरी, 2013 की अहर्ता तिथि के अनुसार किया जायेगा। प्रवक्ता ने कहा कि कार्यक्रम के अनुसार 20 मार्च, 2013 से तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केन्द्रों और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी तथा सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन उपलब्ध है। 20 मार्च से 04 अप्रैल, 2013 तक मतदाता सूचियां विभिन्न प्रकार के दावों तथा नि:शुल्क परीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों को पूर्ण रूप से पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से 24 मार्च, 2013 को इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में ग्राम सभाओं की विशेष बैठक बुलाई गई है।
इन विधानसभा क्षेत्रों के शहरी क्षेत्रों में भी वार्ड एवं मुहल्ला स्तर पर विशेष बैठकें बुलाई जायेंगी। इन विशेष बैठकों में भी उपस्थित नागरिक अपने दावे तथा आक्षेप दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिये 31 मार्च, 2013 को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर एक विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। मतदाता सूचियों के सम्बन्ध में दावों तथा आक्षेपों का निपटारा 16 अप्रैल, 2013 तक किया जायेगा तथा 2 मई, 2013 तक मतदाता सूचियां अंतिम रूप से तैयार कर ली जायेंगी। उन्होंने कहा कि 6 मई, 2013 को फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। प्रवक्ता ने तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी नागरिकों, स्थानीय राजनीतिक दलों, स्वयं सेवी संगठनों, महिला मण्डलों तथा युवक मण्डलों का आह्वान किया है कि वे 20 मार्च, 2013 से 4 अप्रैल, 2013 के मध्य प्रारूप में प्रकाशित मतदाता सूचियों का निरीक्षण सुनिश्चित बनायें।