केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे के आकस्मिक निधन से उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और कार्यकर्ता सकते में हैं। भाजपा ने कहा है कि मुंडे का निधन पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि गोपीनाथ मुंडे के निधन से पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता सदमे में हैं। प्रदेश कार्यालय में उनके निधन की सूचना पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई।उन्होंने बताया, "मुंडे कल (सोमवार) ही कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए थे। बैठक में ग्रामीण विकास को लेकर उन्होंने एक बढ़िया खाका पेश किया था। पूरे देश को यह उम्मीद बंधी थी कि मुंडे ग्रामीण विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।"पाठक ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा, "हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उनके परिवार को इस सदमे से उबरने की शक्ति दे। दुख की इस घड़ी में पूरी पार्टी उनके साथ है।"उल्लेखनीय है कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और महाराष्ट्र की बीड संसदीय सीट से सांसद गोपीनाथ मुंडे की मंगलवार सुबह दिल्ली में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।