पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व तथा राज्य के बिजली बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दूरदर्शी सोच के तहत आज जिला लुधियाना की जगराओं तहसील के गांव गिद्धड़विंडी में राज्य के बिजली मंत्री श्री तरुणप्रीत सिंह सौंध द्वारा नए 66 केवी ग्रिड सब-स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बिजली मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पीएसपीसीएल द्वारा उपभोक्ताओं को निर्बाध, विश्वसनीय और बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु 5 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से इस प्रोजेक्ट को तैयार किया गया है।उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र के बिजली बुनियादी ढांचे को और मजबूती मिलेगी तथा गिद्धड़विंडी, लोदीवाल, तिहाड़ा, शेर्रेवाल, सोधीवाल, मलसियां बाजा, कन्नियां, रसूलपुर जांडी, तरफ कोटली और अबूपुरा सहित 10 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को निर्बाध और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
इस सब-स्टेशन के लिए ग्रामीणों द्वारा कुल 1 एकड़ 2 कनाल भूमि उपलब्ध करवाई गई, जिसमें गिद्धड़विंडी गांव द्वारा 1 एकड़ 1 कनाल तथा लोदीवाल गांव द्वारा 1 कनाल भूमि जनहित में दान की गई। बिजली मंत्री ने इस योगदान की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी की उत्कृष्ट मिसाल बताया। उन्होंने आगे बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत 6.30 किलोमीटर लंबी 66 केवी ट्रांसमिशन लाइन बिछाई गई है, जिसके लिए 29 टावर स्थापित किए गए हैं। इस पर कुल 2 करोड़ 52 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सब-स्टेशन, जिसमें 12.5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफॉर्मर और 7 आउटगोइंग 11 केवी फीडर शामिल हैं, पर 1 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इसके अलावा भवन एवं सिविल कार्यों पर 1 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। जगराओं विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सर्वजीत कौर मानूंके ने कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद का जताया आभार जगराओं विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सर्वजीत कौर मानूंके ने कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद का धन्यवाद करते हुए कहा कि आज उन्होंने उनके विधानसभा क्षेत्र के गांव गिद्दड़पिंडी में 66 केवी बिजली ग्रिड का उद्घाटन किया है।
विधायक मानूंके ने कहा कि उन्हें गर्व है कि कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने उनके विधानसभा क्षेत्र से जुड़े सभी प्रमुख विकास कार्यों को मंजूरी दी है। उन्होंने बताया कि गिद्दड़पिंडी ग्रिड के अलावा बुझकर, काउंके और भम्मीपुर में भी 66 केवी बिजली ग्रिड का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जगराओं विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पहले से अधिक मजबूत होगी और क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं से काफी राहत मिलेगी। विधायक ने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से पूरे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
राज्य सरकार के प्रयासों से ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम मजबूत सीएमडी डॉ. बसंत गर्ग
इस अवसर पर पीएसपीसीएल के सीएमडी डॉ. बसंत गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के बिजली ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सब-स्टेशन क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देगा।