भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र गढ़शंकर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब की ओर से प्रशंसा पत्र भेजे गए। डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने दोनों बीएलओ को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
आशिका जैन ने बताया कि दोनों बीएलओ ने गणना फार्मों का 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण निर्धारित समयावधि के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब द्वारा उन्हें प्रशंसा पत्र जारी किए गए हैं।
उन्होंने सम्मानित बीएलओ देविंदर सैनी तथा मंदीप सिंह को बधाई देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए गणना फार्मों का शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया है, जो अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
डिप्टी कमिश्नर ने जिले के सभी निर्वाचन अधिकारियों एवं बीएलओ से आह्वान किया कि वे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पालन करते हुए प्रत्येक कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करें, ताकि मतदाता सूची की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन का कार्य सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से पूरा किया जा सके।