श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाने तथा उनके जीवन-दर्शन और शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार द्वारा एक विशेष डॉक्यूमेंट्री परियोजना शुरू की गई है। इस परियोजना के तहत अमृतसर जिले के लिए निर्धारित तीन डॉक्यूमेंट्री वैनों को आज पंजाब के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला योजना समिति के चेयरमैन गुरप्रताप सिंह संधू, जिला पर्यटन अधिकारी सुखमनदीप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) कंवलजीत सिंह, डिप्टी डी.ई.ओ. राजेश खन्ना तथा श्री गुरु रविदास समाज के प्रतिनिधि जगजीत सिंह जैंकी, गुरचरण, राम और पार्षद सतनाम सिंह साबा भी उपस्थित रहे।पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन-दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए यह विशेष पहल की है।
उन्होंने बताया कि अमृतसर जिले के लिए तीन वैनें उपलब्ध कराई गई हैं। प्रत्येक वैन में 12 फुट × 8 फुट की बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री संक्षिप्त, सारगर्भित और अत्यंत प्रभावशाली है, जो श्री गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पहले 15 दिनों के दौरान ये वैनें जंडियाला गुरु, बाबा बकाला साहिब और अजनाला विधानसभा क्षेत्रों के गांवों में डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन करेंगी। इसके बाद जिले के सभी गांवों को कवर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी द्वारा दिए गए सामाजिक समानता, सद्भाव, सत्य, श्रम की महत्ता और मानवता के संदेश को प्रत्येक घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री युवाओं को गुरु जी के आदर्शों से जोड़ने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का एक महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगी।
सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आगे बताया कि प्रत्येक वैन प्रतिदिन दो गांवों में जाएगी तथा शाम 5:00 बजे से 7:30 बजे तक दो अलग-अलग गांवों में डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि जब यह डॉक्यूमेंट्री वैन उनके गांव पहुंचे तो वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अनूठी पहल का लाभ उठाएं तथा श्री गुरु रविदास जी के जीवन, उपदेशों और समाज सुधार के लिए उनके अमूल्य योगदान से प्रेरणा प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में भाईचारे, समानता और सामाजिक सद्भाव की भावना को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।