यू.टी. चंडीगढ़ में 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तिरंगा पार्क, सेक्टर-17, चंडीगढ़ में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। नागरिकों को अपने निर्वाचक नामावली विवरणों के सत्यापन एवं अद्यतन के लिए प्रेरित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम स्थल पर एक हेल्प डेस्क स्थापित की गई।
यहां मतदाता पंजीकरण, निर्वाचक नामावली में संशोधन तथा अन्य संबंधित प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, SIR अभियान के उद्देश्य एवं महत्व से संबंधित सूचना पुस्तिकाओं का भी वितरण किया गया। जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें नागरिकों ने निर्वाचन अभिलेखों के समयबद्ध सत्यापन एवं अद्यतन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इसके अतिरिक्त, SIR अभियान से संबंधित जागरूकता संदेशों के साथ एक विशेष सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया, जिससे प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया एवं व्यक्तिगत नेटवर्क के माध्यम से अभियान का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया। इन गतिविधियों को नागरिकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई और यह अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम सिद्ध हुआ।
नागरिकों से अपील की गई कि वे 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलने वाले अभियान का लाभ उठाते हुए अपने निर्वाचक विवरणों का सत्यापन एवं अद्यतन अवश्य कराएं तथा एक सटीक एवं समावेशी निर्वाचक नामावली के निर्माण में योगदान दें। इस बीच, बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) ने 21 जून तक चंडीगढ़ में लगभग 100 प्रतिशत गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) का वितरण पूरा कर लिया है।
अब BLOs मतदाताओं से विधिवत भरे हुए प्रपत्र एकत्र करने के लिए पुनः घर-घर संपर्क करेंगे। नागरिकों को सूचित किया गया कि गणना प्रपत्र जमा करना अनिवार्य है तथा केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किए जाएंगे जो निर्धारित प्रपत्र को सही रूप से भरकर जमा करेंगे।