पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी ओर असम में भारतीय जनता पार्टी को मिली बड़ी राजनीतिक सफलता के बाद अमृतसर में हल्का उत्तरी से भाजपा कार्यकर्ताओं ओर समर्थकों ने जोरदार जश्न मनाया। हल्का उत्तरी से भाजपा नेता अक्षय शर्मा की अगुवाई में शहर के नॉवेल्टी चौक में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की और राहगीरों व समर्थकों में लड्डू बांटे गए।
पूरे इलाके में भाजपा समर्थकों का भारी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा नेता अक्षय शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली जीत केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि देश की जनता के भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि जनता अब विकास, राष्ट्रवाद और मजबूत नेतृत्व की राजनीति को समर्थन दे रही है। अक्षय शर्मा ने कहा कि भाजपा हर वर्ग किसान, युवा, व्यापारी और मजदूर को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब की राजनीति में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और 2027 विधानसभा चुनावों में भाजपा पंजाब में बड़ी जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार जनता के मुद्दों पर काम कर रही है और लोगों का भरोसा पार्टी के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है। इस मौके बड़ी संख्या में भाजपा नेता पप्पू महाजन, विक्रांत शोरी सहित अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने “भारत माता की जय” और “भाजपा ज़िंदाबाद” के नारों के साथ जीत का जश्न मनाया।