सीनियर कांग्रेस नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि बदलाव के नारे के साथ सत्ता में आई यह सरकार लोगों से किए गए वादे पूरे करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में 16 नए मेडिकल कॉलेज बनाने का वादा किया था, लेकिन अभी तक ज़मीन पर एक भी नया मेडिकल कॉलेज बनता नजर नहीं आ रहा।
सिद्धू ने कहा कि हाल ही में विधानसभा में इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने यह कहकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की कि 2017 से 2022 के दौरान कांग्रेस सरकार के समय भी कोई मेडिकल कॉलेज नहीं बना था। उन्होंने कहा कि यह दावा पूरी तरह गलत और तथ्यों के विपरीत है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान मोहाली में Dr. B. R. Ambedkar State Institute of Medical Sciences की स्थापना 2021 में की गई थी, जहां लगभग 100 MBBS सीटें हैं और इस समय करीब 500 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इस साल यहां से लगभग 100 छात्र अपनी पढ़ाई पूरी कर डॉक्टर बनकर निकलेंगे।
बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि AAP के मंत्रियों को बिना तथ्यों की जांच किए इस तरह के गलत बयान नहीं देने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को लोगों को गुमराह करने के बजाय सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए वादों को पूरा करने के लिए गंभीरता से काम करना चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को मोहाली में बने इस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बारे में कोई जानकारी नहीं है। सिद्धू ने कहा कि यदि सरकार अपने ही राज्य में बनी संस्थाओं से अनजान है तो यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
अंत में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार केवल दावों और विज्ञापनों तक ही सीमित रह गई है, जबकि ज़मीन पर वास्तविक काम कांग्रेस सरकार के दौरान हुआ था, जिसका लाभ आज भी पंजाब के लोगों को मिल रहा है।