हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण तावडू के सैक्टर-7, 8 और 11 के विकास के लिए 367.86 एकड़ भूमि सन् 2013 में अधिग्रहित की गई थी। इसमें से, सैक्टर-11 के एक भाग को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने 66 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया है, जिसमें विभिन्न आकार के 362 प्लॉट हैं।
अब तक की गई तीन ई-नीलामियों में पर्याप्त प्रतिक्रिया नहीं मिली और किसी भी प्लॉट का आबंटन नहीं हो सका। इसलिए, सैक्टर-7 और 8 और सैक्टर-11 के शेष हिस्से में विकास कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। श्री कृष्ण कुमार बेदी वीरवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सोहना के विधायक श्री तेजपाल तंवर द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।
श्री बेदी ने सदन को इस बात से अवगत करवाया कि सैक्टर-11 के विकसित भाग में प्लॉटों की फिर ई-नीलामी करने की कोशिश की जा रही है। यदि सैक्टर-11 के पहले से विकसित भाग में प्लॉट आवंटित हो जाते हैं तो सैक्टर-7 और 8 और सैक्टर-11 के बाकी क्षेत्र में विकास का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।