हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित को प्राथमिकता देती है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार, फसलों के नुकसान की स्थिति में तुरंत गिरदावरी कर मुआवजा राशि प्रदान की जाती है, ताकि किसानों को समय पर सहायता मिल सके।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा वीरवार को हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान विधायक श्री सुनील सांगवान द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे। मंत्री ने कहा कि 2025 में भारी वर्षा और जलभराव के कारण फसलों को हुए नुकसान के लिए 116.16 करोड़ रुपये की राशि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर स्वीकृत की गई है।
इस राशि में से 23.54 करोड़ रुपये चरखी दादरी जिले के किसानों के लिए विशेष रूप से मंजूर की गई है। उन्होंने बताया कि खरीफ फसलों के लिए दादरी ढाणी फोगाट और कुछ अन्य गांवों की 879 एकड़ भूमि जलभराव से प्रभावित हुई थी, जिसके लिए 87.47 लाख रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार अब तक किसानों की फसलों के खराबे का मुआवजा समय पर दिया गया है और आगे भी सरकार का प्रयास है कि किन्हीं कारणों से फसलों की बिजाई न होने व अन्य कारणों से फसलों का खराबा हो जाता है तो समय पर इसकी जांच करवाकर मुआवजा प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।