Saturday, 06 June 2026

 

 

खास खबरें देश की कुल ग्रीन एनर्जी का पांचवां हिस्सा गुजरात से आता है : नरेंद्र मोदी हरपाल सिंह चीमा द्वारा पी.एस.टी.सी. की समीक्षा बैठक मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा नामांकन दाखिल किया, राहुल गांधी और डीके शिवकुमार रहे मौजूद भगवंत मान सरकार द्वारा सख्त समय-सीमा और जवाबदेही के साथ 'रंगला पंजाब विकास स्कीम' में तेजी : हरपाल सिंह चीमा खराब रौशनी की स्थिति में लाल की जगह गुलाबी गेंद के प्रयोग की मंजूरी आईसीसी का सकारात्मक कदम : गौतम गंभीर लोक मिलनी के दौरान जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करवाया कोई टोंटी चोरी कर रहा, कोई पानी बहा रहा, ऐसे लोगों को टोकें : सीएम योगी आदित्यनाथ पर्यावरण संरक्षण को बनाएं जीवनशैली का हिस्साः सुखविन्द्र सिंह सुक्खू अमित शाह ने त्रिपुरा बॉर्डर का दौरा किया, स्मार्ट बॉर्डर विजन का अनावरण किया विश्व पर्यावरण दिवस : सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, '18 नमो ऑक्सीजन पार्कों के लिए पौधरोपण अभियान शुरू' हमारी जीवन शैली बिना प्रकृति के अधूरी : सीएम मोहन यादव भोजन-सुरक्षित भविष्य का निर्माण : नीति और भोजन का सुमेल विश्व पर्यावरण दिवस पर राहुल गांधी ने उठाए ग्रेट निकोबार परियोजना पर सवाल, बोले- विकास जरूरी, लेकिन प्रकृति की कीमत पर नहीं 54 एलपीयू स्टूडेंट्स ने भारती एयरटेल स्कॉलरशिप में ₹5 करोड़+ हासिल किए साथ ही वर्ल्ड एनवायरनमेंट डे पर 180 पौधे लगाने की मुहिम चलाई राज्य सरकार और यूएनडीपी के मध्य परिपत्र अर्थव्यवस्था एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चिनार वृक्षारोपण अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया भारत की विकास रफ्तार तेज, यात्री वाहन बिक्री में जोरदार उछाल : पीयूष गोयल सीमा पार संचालित हथियार, नशा और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ कविन्द्र गुप्ता ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया विश्व पर्यावरण दिवस पर गुलाब चंद कटारिया ने किया वृक्षारोपण आरबीयू ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण अभियान के साथ विश्व पर्यावरण दिवस मनाया

 

हांसी बना हरियाणा का 23वां जिला, नायब सिंह सैनी ने की घोषणा

एक सप्ताह में जारी होगा जिला बनने का नोटिफिकेशन

 Nayab Singh Saini, Haryana, Bharatiya Janata Party, BJP, Haryana Chief Minister, Chief Minister of Haryana, BJP Haryana, Ranbir Gangwa, Mohan Lal Badoli, Dr Krishan Lal Middha, Hansi
Listen to this article

Web Admin

Web Admin

5 Dariya News

हांसी , 16 Dec 2025

Last updated on: Dec 17, 2025, 16:41 IST

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हांसी में आयोजित विकास रैली को संबोधित करते हुए हांसी को प्रदेश का 23वां जिला बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सप्ताह में इसका नोटिफिकेशन भी जारी हो जाएगा, जिसके बाद रेवेन्यू के नज़रिए से भी हांसी जिला बन जायेगा। 

रैली में उपस्थित भारी भीड़ ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा पर जोरदार नारे लगाकर मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने हांसी में 77 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत की 3 विकास परियोजना का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया। 

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वीरों की भूमि तथा कभी हिंदुस्तान की दहलीज के रूप में विख्यात और देश के लिए मर-मिटने वाले देशभक्तों को जन्म देने वाली हांसी की पावन भूमि को वो नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि सन् 1857 में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हांसी के लोगों न महान बलिदान दिए थे। 

यहां की लाल सड़क अंग्रेजों द्वारा किये गए नरसंहार की साक्षी है। अंग्रेजों ने यहां आजादी के अनेक मतवालों को गिरड़ी फेर कर कुचलवा दिया था। इससे पहले भी हांसी का गौरवशाली इतिहास रहा है। यह नगर कभी आसी और असीगढ़ नाम से प्रसिद्ध था। सम्राट हर्ष के समय हांसी सतलज प्रांत की राजधानी थी।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हांसी क्षेत्र के विकास में सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। 11 वर्षों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 11 सालों में हांसी विधानसभा क्षेत्र में 1 हजार 8 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्य करवाए हैं। जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में केवल 253 करोड़ रुपये की लागत के ही काम हुए थे।

संकल्प पत्र के 54 वायदे पूरे किए

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 में से 54 वादों को एक साल में ही डबल इंजन की सरकार ने पूरा कर दिखाया है। यही नहीं, 163 वादों पर काम प्रगति पर है। यह एक वर्ष का समय भले ही कम है, लेकिन सरकार ने जिस नॉन-स्टाप विकास का संकल्प लिया था, उसकी सिद्धि में यह एक वर्ष विकास की तिगुणी गति का साक्षी है। 

उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल में भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास और हर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। ख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के बारे में कहा कि सरकार द्वारा योजना के तहत 2100 रुपये की वितीय सहायता दी जा रही है। 

अब तक दो किस्तों में 7 लाख से अधिक बहन-बेटियों को 258 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। इसी प्रकार, गरीब महिलाओं को अपनी रसोई चलाने के लिए सरकार द्वारा हर महीने केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। यह लाभ प्रदेश के लगभग 14 लाख 70 हजार परिवारों को मिल रहा है।

कांग्रेस किसानों का 269 करोड़ का मुआवजा बकाया छोड़ गई

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने किसान हित का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कर रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 64 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। 

फसल खराब होने पर गत 11 सालों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब तक 15 हजार 448 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। जबकि कांग्रेस सरकार के 10 साल के शासनकाल में 1 हजार 138 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि जारी की गई थी। 

कांग्रेस सरकार किसानों की 269 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि बकाया छोड़कर चली गई थी, जिसे बीजेपी सरकार ने 2014 में जनसेवा का दायित्व संभालने के बाद 2015 में जारी किया था। इतना ही नहीं, बीजेपी सरकार ने अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे आबियाने को जड़ से खत्म किया है। 

साथ ही जमीनों व सम्पत्तियों का पेपरलेस रजिस्ट्रेशन शुरू किया है। अब रजिस्ट्री का काम पूरी तरह डिजिटल हो गया है। उन्होंने कहा कि सोनीपत से मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का दूसरा चरण शुरू किया गया है। सरकार का लक्ष्य इसके माध्यम से गरीब से गरीब परिवार की वार्षिक आय कम से कम 1 लाख 80 हजार रुपये करना है। 

सरकार ने वंचित रह गई अनुसूचित जातियों को आरक्षण में उनका अधिकार देने का काम भी किया है। साथ ही सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 200 रुपये बढ़ोतरी करके इसे 3,200 रुपये मासिक किया है। वहीं, पिछड़ा वर्ग की क्रीमिलेयर आय सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया है। 

पिछड़ा वर्ग-बी को पंचायती राज संस्थाओं व शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत 1 लाख 56 हजार मकान दिये गये हैं। गरीब परिवारों को ‘मुख्यमंत्री आवास योजना-शहरी’ के तहत 14 शहरों में 15 हजार 765 गरीब परिवारों को प्लॉट दिए हैं। 

‘मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण’ के तहत ग्राम पंचायतों में 12 हजार 31 प्लॉट दिए हैं। अब धन के अभाव में कोई भी गरीब इलाज से वंचित नहीं रहता। ‘आयुष्मान भारत-चिरायु योजना’ में 25 लाख 39 हजार मरीजों का 4,126 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज किया गया है।

विकसित हरियाणा कुर्सी के काटे विपक्षी नेताओं को रास नहीं आ रहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ रहा हैं। जो कहा है, वो करेंगे। हमारी नीति, नीयत और नेतृत्व स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने भौतिक व मानव विकास के पैमानों पर हरियाणा को एक खुशहाल और विकसित राज्य बनाया है। 

लेकिन ऐसा विकसित हरियाणा कुर्सी के काटे विपक्षी नेताओं को रास नहीं आ रहा है और वे रोज-रोज नए-नए झूठ फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की ताक में रहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन को तलाशने के लिए वोट चोरी का भ्रामक प्रचार कर रही है। 

जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस पार्टी खुद अपने पूरे राजनीतिक इतिहास में फर्जीवाड़े, भ्रष्टाचार और लोकतंत्र की हत्या की प्रतीक रही है। देश की जनता जानती है कि यह वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने आपातकाल लगाकर लोगों के संवैधानिक अधिकारों का गला घोंटा था। 

इसी पार्टी ने हर चुनाव में किसी न किसी रूप में धांधली करने का इतिहास रचा है। यह वही कांग्रेस है, जो रोहतक, भिवानी और फरीदाबाद में बूथ कैप्चरिंग की घटनाओं में पकड़ी गई थी। इनके नेताओं के खिलाफ मतदाता सूची में गड़बड़ी करवाने के केस दर्ज हुए थे।

एसआईआर को लेकर भी साधा निशाना

श्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस एस.आई.आर. के खिलाफ भी दुष्प्रचार कर रही है। देश में 1952 से लेकर अब तक कई बार गहन पुनरीक्षण हुए हैं। इनमें वर्ष 1952, 1957, 1961, 1965-66, 1983-84, 1987-89, 1992-93-95 और वर्ष 2002-03 शामिल हैं। 

इन सभी वर्षों में एस.आई.आर. अर्थात गहन पुनरीक्षण हुआ है। इन सभी कालखंडों में अधिकांश समय विपक्ष की ही सरकार देश में सत्ता में थीं। तब न तो लोकतंत्र खतरे में था, न संविधान पर संकट था और न ही चुनाव आयोग पर सवाल उठाए गए। 

फिर आज 2025 में जब चुनाव आयोग ने संवैधानिक जिम्मेदारी निभाते हुए मतदाता सूची के शुद्धिकरण का निर्णय लिया, तो अचानक लोकतंत्र खतरे में कैसे आ गया? उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां नहीं चाहतीं कि देश में लोकतंत्र की शुद्धता बनी रहे, इसलिए वे अनाप-शनाप आरोप लगाती रहती हैं।

प्रदेश सरकार कर रही तेजी से काम - रणबीर गंगवा

कार्यक्रम में अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर क्षेत्र का तेजी से विकास कर रही है। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने हर वर्ग को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई और उसका परिणाम है कि लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार हरियाणा में बनी है। 

श्री गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की न केवल हरियाणा प्रदेश अपितु पड़ोसी राज्यों में भी एक अलग पहचान बनी है और चुनावों के दौरान मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों में जहां-जहां जनसभाएं की वहां हमारी पार्टी विजयी हुई है।

हांसी को जिला बनाकर दी सौगात – विधायक विनोद भ्याना

रैली के संयोजक व हांसी के विधायक श्री विनोद भ्याना ने मंच से मुख्यमंत्री के समक्ष हांसी के विकास कार्यों की कई मांगें रखीं, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया। श्री विनोद भ्याना ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश को विकास के मामले में गति दी है। उन्होंने हांसी को जिला बनाने की मांग स्वीकार किये जाने पर इसे बड़ी सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।

56 दिन की सरकार ने जीता भरोसा – मोहनलाल कौशिक

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहनलाल कौशिक ने कहा कि हरियाणा में जब मुख्यमंत्री के तौर पर श्री नायब सिंह सैनी ने पदभार संभाला था, तब मात्र अपने 56 दिन के कार्यकाल में ही उन्होंने जनता के दिल जीता था, उसी का परिणाम है कि प्रदेश की जनता ने भारी जनादेश के साथ श्री नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा का मौका दिया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनाते हुए सरकार जनता के हित के लिए काम कर रही है।

इस अवसर पर विधायक श्री रामकुमार गौतम, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, हरियाणा बीजेपी प्रभारी श्री सतीश पूनिया ने भी विकास रैली को संबोधित किया। इस मौके पर हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा, श्रीमती सावित्री जिंदल, श्री कपूर सिंह वाल्मीकि, पूर्व मंत्री श्री मनीष ग्रोवर, श्री अनूप धानक, महामंत्री श्री सुरेंद्र पूनिया, हिसार मेयर श्री प्रवीण पोपली, जिप चैयरमेन सोनू सिहाग, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. डीपी वत्स सहित काफी गणमान्य मौजूद रहे।

 

Tags: Nayab Singh Saini , Haryana , Bharatiya Janata Party , BJP , Haryana Chief Minister , Chief Minister of Haryana , BJP Haryana , Ranbir Gangwa , Mohan Lal Badoli , Dr Krishan Lal Middha , Hansi

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD