Friday, 05 June 2026

 

 

खास खबरें दिसंबर 2026 तक 75 लाख घरों में रूफटॉप सोलर लगाने का लक्ष्य : प्रह्लाद जोशी ग्रामीण क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों के नियमन के मॉडल प्लान को मंत्रिमंडलीय उप-समिति की स्वीकृति सतपाल महाराज ने कविन्द्र गुप्ता से की भेंट यूटी चंडीगढ़ में डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन अधिनियम, 2023 पर कार्यशाला आयोजित डॉ. जितेंद्र सिंह ने पेटेंट दाखिल करने और शोध पत्र लेखन में प्रशिक्षण के लिए एएनआरएफ पोर्टल की घोषणा की मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक में सभी उपायुक्तों को भूमि की वेरिफिकेशन करने के निर्देश पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना से जिले के 2 लाख 70 हजार परिवारों को होगा लाभ - मोहिंदर भगत ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 13वीं एनईएसएसी बैठक में भाग लिया अमिट यादें छोड़ गया सीचेवाल गांव का पांच दिवसीय खेल मेला संपन्न पंजाब सरकार की मुहिम ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ राज्य में नशों के खात्मे के लिए जन आंदोलन बनी : मोहिंदर भगत आग से प्रभावित इलाके में गैरकानूनी तरीके से चल रहे होटल और रेस्टोरेंट, जांच तेज : कपिल मिश्रा अमित शाह ने आज शिलांग में NEC की 73वीं पूर्ण बैठक की अध्यक्षता की जनता के विश्वास को और मजबूत करने के लिए कार्य करें पदाधिकारी : नितिन नवीन 'आज की युवा पीढ़ी को जानना चाहिए 1991 का भारत', मनोज बाजपेयी ने बताई फिल्म 'गवर्नर' की खासियत संपूर्ण क्रांति के 52 साल : गांधी मैदान से जेपी की हुंकार ने बदली राजनीति की धारा मध्य प्रदेश में नैक की तर्ज पर गठित करें सैक : सीएम मोहन यादव भारत और ब्रिटेन भविष्य को ध्यान में रखकर आपसी फायदे वाली साझेदारी बनाने के लिए अच्छी स्थिति में हैं : सुब्रह्मण्यम जयशंकर मेट्रो रेल यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए पर्यटन विभाग का लें सहयोग : सीएम मोहन यादव फ्रेंच ओपन : मीरा आंद्रीवा ने रोका मार्ता कोस्त्युक का विजयरथ, पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में प्रवेश इंटरनेशनल आईडीईए के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार ने भूटान की चुनाव आयुक्त से की मुलाकात समृद्ध महाराष्ट्र के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में तेजी लाएं : सीएम देवेंद्र फडणवीस

 

पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती हरियाणा में अंत्योदय उत्थान और नारी शक्ति को रही समर्पित

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ करते हुए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना मोबाइल ऐप किया लॉन्च

Nayab Singh Saini, Haryana, Bharatiya Janata Party, BJP, Haryana Chief Minister, Chief Minister of Haryana, BJP Haryana, Gian Chand Gupta, Panchkula, Krishan Kumar Bedi, Harvinder Kalyan, Arti Singh Rao
Listen to this article

Web Admin

Web Admin

5 Dariya News

पंचकूला , 25 Sep 2025

Last updated on: Oct 07, 2025, 18:12 IST

हरियाणा सरकार ने अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को विकास, अंत्योदय उत्थान और नारी शक्ति को समर्पित करते हुए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं और परियोजनाओं की सौगात जनता को दी। इस अवसर पर वीरवार को जिला पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं की आर्थिक व सामाजिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत की और योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए विशेष मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया।

मुख्यमंत्री ने आवेदन के समय आने वाली समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18001802231 और हेल्पलाइन नंबर 01724880500 भी लॉन्च किया। कार्यक्रम के दौरान ही योजना के तहत पात्र पांच महिलाओं का लाइव पंजीकरण भी करवाया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि मोबाइल ऐप लॉन्च होने के कुछ समय के भीतर ही लगभग 50 हजार महिलाओं ने अपने मोबाइल पर इस ऐप को डाउनलोड किया है और लगभग 8,000 महिलाओं ने आवेदन किया है।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात देते हुए 326.25 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं का भी उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने की दिशा में 78.04 करोड़ रुपये की लागत के 31 उद्घाटन और 78.12 करोड़ रुपये की लागत की 97 परियोजनाओं के शिलान्यास शामिल हैं। इसके अलावा 80 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से 10 स्वास्थ्य संस्थाओं का नवीनीकरण भी किया गया है। 

साथ ही, लोक निर्माण विभाग व शहरी स्थानीय निकाय की एक-एक परियोजना का शिलान्यास भी किया गया है, जिनकी लागत 89 करोड़ 37 लाख रुपये है।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं को अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रेरित होकर हरियाणा सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने शारदीय नवरात्रों और कर्मयोगी व राष्ट्रनायक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि 'राष्ट्र तभी महान बन सकता है, जब उसकी नारी सुरक्षित, शिक्षित और सम्मानित होगी। हरियाणा सरकार का यह दृढ़ संकल्प है कि महिलाएं और बेटियां आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर हो और समाज की मुख्य धारा में भाग लें। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लागू किया जा रहा है।

*पहले चरण में लगभग 20 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ*

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का लाभ 23 वर्ष से 60 वर्ष की आयु की उन विवाहित व अविवाहित बहनों को मिलेगा, जिनके परिवार की सालाना आय 1 लाख रुपये तक है। 2100 रुपये मासिक आर्थिक सहायता पात्र महिलाओं के बैंक खातों में मिलनी शुरू हो जाएगी। इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण बात है कि एक परिवार की कितनी भी महिलाएं पात्र हों, सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना का 2025-26 का वार्षिक बजट 5 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया है। पहले चरण में प्रदेश की लगभग 20 लाख माताओं बहनों को इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि 'दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना ऐप' के माध्यम से आवेदन, सत्यापन और शिकायत निवारण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सरल होगी। आवेदन केवल मोबाइल ऐप के माध्यम से ही किया जाएगा। किसी भी कॉमन सर्विस सेंटर या केंद्र पर जाने की आवश्यकता नहीं है। प्रत्येक पात्र महिला मोबाइल से, अपने घर पर ही यह फॉर्म भर सकती है।

जो महिलाएं 25 सितम्बर तक इस योजना के लिए पात्र हैं, वे आज से ही आवेदन कर सकती हैं। जो आज के बाद, जिस दिन से पात्र होंगी, वे उसी दिन आवेदन कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने बेटियों से अनुरोध किया करते हुए कहा कि जो आज 23 वर्ष से कम आयु की हैं, वे अपना 23वां जन्मदिन इस योजना के लिए आवेदन करते हुए मनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू करके संकल्प पत्र के 217 संकल्पों में से 42वां संकल्प पूरा किया है। इस साल के अंत तक 90 संकल्प पूरे कर लिये जाएंगे। आज यह योजना शुरू होने से प्रदेश की उन बहनों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा मिलेगी, जो गरीबी के कारण दिन-रात अपना परिवार पालने के लिए कड़ा संघर्ष कर रही हैं।

*प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हुई ऐतिहासिक पहलें*

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्श का अनुकरण करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं को स्वावलंबी बनाकर सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रहे हैं। नारी वंदन बिल से संसद व विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था हुई है। प्रधानमंत्री ने 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ', 'बीमा सखी', 'ड्रोन दीदी' और 'लखपति दीदी' जैसी योजनाएं शुरू कीं, जिनसे लाखों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। 

17 सितंबर को प्रधानमंत्री ने अपने जन्म दिवस पर मध्य प्रदेश से राष्ट्रव्यापी 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान' और '8वें पोषण माह' का शुभारंभ किया। यह अभियान पूरे भारत में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए स्वास्थ्य सेवा व पोषण सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।उन्होंने कहा कि हरियाणा में 5 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। 

अब तक 2 लाख 13 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। इसी प्रकार ड्रोन दीदी योजना में 100 महिलाओं को मुफ्त ड्रोन व प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस साल 100 और महिलाओं प्रशिक्षण दिया जाएगा। हरियाणा में 18 लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व, 'अटल किसान मजदूर कैंटीन' व वीटा बिक्री केन्द्रों का संचालन और एक-तिहाई राशन डिपो महिलाओं को देने का प्रावधान किया गया है। 

राज्य में 66 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ऋण लेने पर स्टाम्प शुल्क से छूट दी गई है। उत्कृष्ट महिला शिल्पकार पुरस्कार योजना के तहत राज्य हस्तशिल्प पुरस्कार के लिए 3 लाख रुपये, उत्कृष्ट महिला शिल्पकार पुरस्कार के लिए 3 लाख रुपये की राशि दी जाती है। साथ ही 51-51 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिये जाते हैं। 

उच्च शिक्षा के लिए प्रदेश में खोले गये 80 कॉलेजों में से 30 लड़कियों के हैं। गरीबी के कारण कोई बेटी उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित न रहे, इसलिए सरकार ने पोस्ट ग्रेजुएशन तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा देने की व्यवस्था की है। इसके अलावा, प्रदेश में कामकाजी महिलाओं के नन्हें बच्चों की देखभाल के लिए 'विस्तृत क्रेच नीति' लागू की है। यह नीति लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। इस समय प्रदेश में 572 आंगनवाड़ी एवं क्रेच और 273 स्टैंड लोन क्रेच चल रहे हैं। इसके अलावा, 4 हजार प्ले-वे स्कूल खोले गये हैं।

उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को गति देने के लिए 'लाडो सखी' योजना शुरू की है। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए 'लाडो सखी' को लगाया जाएगा। बेटी पैदा होने पर हर 'लाडो सखी' को 1 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 'महिला हेल्पलाइन 1091 नम्बर' स्थापित किया गया है। 

महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से निपटने के लिए प्रदेश में 33 महिला पुलिस थाने स्थापित किये गये हैं।श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम एक ऐसे विकसित भारत-विकसित हरियाणा का निर्माण करेंगे, जहां हर महिला अपने आप में पूर्ण हो, सशक्त हो और आत्मसम्मान से भरी हो।

*दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल- हरविन्द्र कल्याण*

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती एवं सेवा पखवाड़े के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ राज्य की बेटियों व महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन पर चलते हुए वर्तमान सरकार लगातार गरीब और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना केवल एक योजना नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति है। इससे महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वतंत्रता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि जब हमारे देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे तो हमारा देश एक विकसित राष्ट्र होगा।

प्रधानमंत्री ने विकसित राष्ट्र के चार स्तंभ बताए हैं उनमें नारी शक्ति प्रमुख स्तम्भ है। आज शुरू की गई इस योजना से हमारी 50 प्रतिशत आबादी सशक्त होगी।उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूह, दुर्गा शक्ति ऐप, महिला पेंशन जैसी अनेक योजनाओं से महिलाओं को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई यह योजना महिलाओं के जीवन में नई दिशा प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि हमारी सनातन और प्राचीन परंपरा हमें सिखाती है नारी का सम्मान और उसका पूजन करना। आज विशेष रूप से समाज से आह्वान करता हूं कि जहां हम महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं, वहीं हमें बेटों को भी वो संस्कार देने पड़ेंगे, जहां पर अपनी बेटियों को एक सुरक्षित वातावरण देते हुए उनको आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करें। सरकार गंभीरता से इस दिशा में ठोस कदम उठा रही है परंतु ये जिम्मेवारी समाज के हर व्यक्ति की भी है।

*महिला सशक्तिकरण की दिशा में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना बनेगी मील का पत्थर - मंत्री कृष्ण कुमार बेदी*

इस अवसर पर सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि यह दिन हरियाणा वासियों के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि अंत्योदय की भावना से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री ने बहनों और बेटियों के लिए लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ और मोबाइल ऐप लॉन्च कर एक नई पहल की है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण व उत्थान के लिए समय समय पर विभिन्न पहल की गई है। राज्य की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए आज दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ हुआ है। इसके तहत 23 वर्ष से अधिक आयु की माताओ, बहनों और बेटियों जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय का 1 लाख रुपये से कम है, उनको 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह राशि सीधे खाते में डीबीटी के माध्यम से पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं के सामने आने वाली विविध चुनौतियों का समाधान करना है, जिससे उनकी आर्थिक स्वतंत्रता बढ़ेगी और उनके स्वास्थ्य व कल्याण में सुधार होगा। इसके लिए हरियाणा सरकार ने इस योजना के लिए 2025 - 26 के वार्षिक बजट में 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। श्री बेदी ने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना मोबाइल ऐप से महिलाओं को किसी भी सरकारी कार्यालय या सीएससी सेंटर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। 

वे अपने मोबाइल पर ही आसानी से आवेदन कर सकेंगी।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह योजना लाखों बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी और समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सरकार चौबीसों घंटे जनता के साथ खड़ी है और महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

*ज्योतिबा फुले ने जगाई महिला शिक्षा की अलख - कुमारी आरती सिंह राव*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले ने शिक्षा आंदोलन की अलख जगाई थी। कल्पना चावला से लेकर सुनीता विलियम्स जैसी महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण का उदाहरण प्रस्तुत किया है। महिला संस्कारों से देश को रोशनी मिली है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया है।

उन्होने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत करने के साथ साथ स्वास्थ्य विभाग की करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का उदघाटन व शिलान्यास किया है। इनमें भिवानी व कोरियावास महेंद्रगढ़ के मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पानीपत से की थी और आज 15 जिलों में 900 से अधिक लिंगानुपात हो गया है।

कार्यक्रम में कालका विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी अनुपमा, पंचकूला के उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री बी.बी. भारती और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय सहित अन्य गणमान्य अतिथि व भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

 

 

Tags: Nayab Singh Saini , Haryana , Bharatiya Janata Party , BJP , Haryana Chief Minister , Chief Minister of Haryana , BJP Haryana , Gian Chand Gupta , Panchkula , Krishan Kumar Bedi , Harvinder Kalyan , Arti Singh Rao

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD