Thursday, 04 June 2026

 

 

खास खबरें हरपाल सिंह चीमा ने मुलाजिम यूनियनों से की मुलाकात मंत्रिमंडल की बैठकों में लिए गए 99 प्रतिशत निर्णय पूरी तरह कार्यान्वितः जगत सिंह नेगी मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक आयोजित एमवाई भारत ने 3.9 लाख क्विज़ पार्टिसिपेंट्स के साथ गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जितिन प्रसाद ने आईआईएफटी में जीबीआरसी 2026 का उद्घाटन किया शिमला पहाड़ी चौक की वर्षों पुरानी जलभराव समस्या का समाधान पंजाब पुलिस ने बड़ी आतंकी साजिश को किया नाकाम रोटरी क्लब रोपड़ सेंट्रल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश का आधिकारिक दौरा सरकार 2027 तक 5,000 ई85 फ्यूल स्टेशन शुरू करेगी : हरदीप सिंह पुरी 1 किलोवाट उपभोक्ताओं के घर बिना बैंक गारंटी लगेगा सोलर सिस्टम, बिजली बिल होगा शून्य : अनिल विज सीएम मोहन चरण माझी ने बैठक में आपदा जोखिम कम करने पर ब्रिक्‍स के बीच सहयोग की अपील की नशों के खिलाफ अभियान को और मजबूत बनाने के लिए अमृतसर केंद्रीय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित नशाविरोधी अभियान के दौरान हवलदार शहीद भारत की ओर बढ़ रहा है दीर्घकालिक वैश्विक निवेश, निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद गंतव्य बना देश : पीयूष गोयल ‘ग्राम चिकित्सालय 2’ की रिलीज डेट का ऐलान, 23 जून से होगी स्ट्रीम खराब मौसम के कारण राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा रद्द, वीडियो शेयर कर बोले-जल्द दोबारा आऊंगा केरल को विरासत में 5.07 लाख करोड़ रुपये का कर्ज मिला : सीएम वी.डी. सतीशन मालवीय नगर अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता पीठ-कमर दर्द से राहत, तो दूर शरीर की जकड़न दूर करने में कारगर ये योगासन, आयुष मंत्रालय की सलाह 'पेड्डी' की रिलीज पर तिरुपति बालाजी के दर पहुंचीं जान्हवी कपूर, किए दर्शन त्रिपुंड, भांग और सूखे मेवों से सजे बाबा महाकाल

 

भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल का शहीदों के सपनों को साकार करने का संकल्प

पिछली सरकारों ने पंजाब वासियों और महान शहीदों को भुला दिया था - केजरीवाल

Bhagwant Mann, Bhagwant Singh Mann, AAP, Aam Aadmi Party, Aam Aadmi Party Punjab, AAP Punjab, Government of Punjab, Punjab Government, Punjab, Chief Minister Of Punjab, Aman Arora, Harpal Singh Cheema, Advocate Harpal Singh Cheema, Shaheed Udham Singh, Sunam, Arvind Kejriwal, Manish Sisodia
Listen to this article

Web Admin

Web Admin

5 Dariya News

शहीद ऊधम सिंह वाला (सुनाम) , 31 Jul 2025

Last updated on: Aug 01, 2025, 10:47 IST

पंजाब के मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग के कल्याण को सुनिश्चित करके शहीदों के सपनों को साकार किया जाएगा। आज यहां शहीद ऊधम सिंह वाला नगर के विकास के लिए 85 करोड़ रुपए की लागत वाले परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने अपने देश को गुलामी की दलदल से निकालने के लिए अद्वितीय बलिदान दिया।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि महान शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित समारोह में भाग लेना उनके लिए बहुत गर्व और शांति की बात है। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने बलिदान दिए ताकि समानता वाला समाज बनाया जा सके, जिससे कमजोर और दबे-कुचले वर्गों का कल्याण सुनिश्चित हो सके।

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि स्वतंत्रता के 75 साल बाद भी शहीदों के सपने अधूरे हैं क्योंकि सत्ता में बैठे लोगों ने सरकारी खजाने की लूट की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने नशे और भ्रष्टाचार के प्रतीकों के साथ पंजाब को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि इन राजनेताओं ने अपने निजी हितों के लिए लोगों के पैसे को बेरहमी से लूटा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि स्कूलों और अस्पतालों की हालत बद से बदतर हो गई थी क्योंकि पिछली सरकारों ने आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य और शिक्षा प्रदान करने की कभी परवाह ही नहीं की। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने ही राज्य में नशे का जाल फैलाया, जिसने हमारी पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया।दिल्ली के पूर्व मुख्य मंत्री ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि पंजाब में अब नशे की कमर टूट चुकी है, जिसके लिए राज्य सरकार की सराहना की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्य में नशा विरोधी अभियान चलाया गया, उसकी मिसाल देश के इतिहास में नहीं मिलती। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राज्य में ईमानदार सरकार ने बदनाम और खतरनाक नशा तस्कर को जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया। आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि कोई भी सरकार इस प्रभावशाली राजनीतिक नेता को हाथ लगाने की हिम्मत नहीं करती थी, जो राज्य में नशे फैलाने का सूत्रधार था।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ अनुकरणीय कार्य किया और नशे के कारोबार की बड़ी मछलियों को जेल भेजा। उन्होंने कहा कि ऐसे अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी जिन्होंने हमारे युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि इस घृणित अपराध से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के शासनकाल के दौरान पंजाब ने हर क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव देखे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूलों को अपग्रेड किया जा रहा है, अस्पतालों का कायाकल्प किया जा रहा है, किसानों तक नहरी पानी पहुंच रहा है, 20,000 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ईमानदार सरकार सरकारी खजाने के एक-एक पैसे का समझदारी से उपयोग करके शहीदों के सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि लोक कल्याण के इन नेक कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। अरविंद केजरीवाल ने लोगों को आगाह किया कि यदि कांग्रेस या अकाली-भाजपा कभी भी राज्य में सत्ता में वापस आती है, तो वे अपनी खराब कार्यप्रणाली के माध्यम से पंजाब में चल रहे विकास को फिर से पटरी से उतार देंगे।

अपने संबोधन में मुख्य मंत्री ने कहा कि देश के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देना राज्य सरकार का कर्तव्य है। भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि इन महान शहीदों के नाम पर हवाई अड्डों, विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों का नाम रखना इन नायकों की शानदार विरासत को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह जैसे महान नायकों के बलिदानों के कारण ही देशवासी आज स्वतंत्रता के फल का आनंद ले रहे हैं।

मुख्य मंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेने के लिए लंदन के कैक्सटन हॉल में जाकर सर माइकल ओ'ड्वायर को मार डाला था। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों की कठपुतली बनकर चलने वालों को वे 'सर' का खिताब देते थे, और ऐसा ही एक खिताब उस परिवार को भी दिया गया था जिसने अप्रैल 1919 में जलियांवाला बाग नरसंहार की रात जनरल डायर के लिए भोज की मेजबानी की थी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उसी गद्दार परिवार का वंशज, जिसने पंजाब में नशे को संरक्षण दिया, युवाओं की जिंदगियां बर्बाद करने के अपराध में अब नाभा जेल में बंद है।

मुख्य मंत्री ने कहा कि वे लगातार कैक्सटन हॉल जाते रहे हैं, जहां शहीद ऊधम सिंह ने जनरल डायर को मारकर लाखों भारतीयों का बदला लिया था। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद स्वतंत्रता का फल वास्तविक अर्थों में हर घर तक नहीं पहुंचा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि बीते समय में सत्ता में बैठे लोगों ने चिट्टे जैसे नशे फैलाने, लोगों की लूट-खसोट करने, भ्रष्टाचार और अन्य बुराइयों को बढ़ावा देने के लिए स्वतंत्रता का दुरुपयोग किया।

मुख्य मंत्री ने कहा कि देश के अब तक के प्रधानमंत्रियों ने लाल किले की प्राचीर से अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषणों में एक जैसे बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह और भी दुखद है कि इन नेताओं ने लोगों को केवल नाटक ही दिए हैं और जनता अभी भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह जैसे शहीदों के सपने अभी तक साकार नहीं हुए क्योंकि इन लोगों ने इसके लिए कभी कोई ठोस प्रयास नहीं किया।

मुख्य मंत्री ने कहा कि यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि आम आदमी पार्टी महान शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए अथक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की पवित्र धरती के हर हिस्से पर महान गुरुओं, संतों, पीरों और शहीदों के निशान हैं, जिन्होंने हमें अन्याय, अत्याचार और जुल्म का डटकर विरोध करने का रास्ता दिखाया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के सर्वांगीण विकास और यहां के लोगों की खुशहाली को सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

मुख्य मंत्री ने आगे कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, बिजली, पानी और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों को देश की राजनीति के केंद्र बिंदु पर लाने का श्रेय श्री अरविंद केजरीवाल को जाता है। उन्होंने कहा कि ये क्षेत्र उनकी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं और इसके लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जा रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि जहां अन्य राजनीतिक पार्टियों ने हमेशा नफरत और फूट डालने वाले एजेंडे को बढ़ावा दिया है, वहीं श्री केजरीवाल के नेतृत्व में 'आप' ने इन क्षेत्रों को प्राथमिकता देकर राजनीति को नई दिशा दी है।

एक अन्य बड़ी कल्याणकारी पहल का जिक्र करते हुए, उन्होंने मुख्य मंत्री स्वास्थ्य योजना की बात की, जिसमें कहा कि यह देश की अपनी तरह की पहली योजना है जो पंजाब के प्रत्येक परिवार के लिए 10 लाख रुपए तक का नकद रहित चिकित्सा उपचार प्रदान करती है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि पंजाब ऐसा व्यापक स्वास्थ्य देखभाल कवरेज प्रदान करने वाला पहला भारतीय राज्य है, जो गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को सुनिश्चित करते हुए जनता पर वित्तीय बोझ को काफी हद तक कम करेगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस ऐतिहासिक कदम का उद्देश्य राज्य के सभी परिवारों को व्यापक स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करना है।

मुख्य मंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को अब तक 55,000 सरकारी नौकरियां दी गई हैं और लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं। इसके साथ ही पूरे राज्य में स्कूलों का नवीनीकरण किया गया है और अब टेलों पर रहने वाले किसानों को भी नहरी पानी मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य के 90 प्रतिशत परिवारों को शून्य बिजली बिल मिल रहे हैं और इसके अलावा कई अन्य जन-हितैषी पहलें लगातार जारी हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाबी जन्म से ही मेहनती और नेतृत्व करने वाले रहे हैं और अपने इस स्वभाव के कारण ही उन्होंने विश्व भर के हर क्षेत्र में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने अपनी कड़ी मेहनत और साहसिक स्वभाव के साथ हर क्षेत्र में बड़ा नाम कमाया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब की प्रगति के लिए पंजाबियों की इस भावना का सही उपयोग करने और 'रंगला पंजाब' बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल ने शहीद ऊधम सिंह के वारिसों को भी सम्मानित किया। इससे पहले कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने मुख्य मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का इस पवित्र धरती पर आने के लिए स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा, लालजीत सिंह भुल्लर, डॉ. रवजोत, गुरमीत सिंह खुड्डीयां, हरभजन सिंह ई.टी.ओ., बरिंदर कुमार गोयल और हरदीप सिंह मुंडियां, वरिष्ठ 'आप' नेता मनीष सिसोदिया, उप स्पीकर पंजाब विधानसभा जय किशन सिंह रोड़ी, विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी, जगदीप कंबोज गोल्डी, प्रोफेसर बलजिंदर कौर और अन्य शख्सियतें भी मौजूद थी।

 

Tags: Bhagwant Mann , Bhagwant Singh Mann , AAP , Aam Aadmi Party , Aam Aadmi Party Punjab , AAP Punjab , Government of Punjab , Punjab Government , Punjab , Chief Minister Of Punjab , Aman Arora , Harpal Singh Cheema , Advocate Harpal Singh Cheema , Shaheed Udham Singh , Sunam , Arvind Kejriwal , Manish Sisodia

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD