सांसद गुरजीत सिंह औजला ने आज विकास कार्यों की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति की बैठक की अध्यक्षता की। नगर निगम के अधिकारियों से शहर में साफ-सफाई और कूड़े की समस्या से निजात दिलाने की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इसका ठोस समाधान कर राहत दिलाई जाएगी।उन्होंने इस दौरान नगर निगम अधिकारियों को निर्देश भी दिए कि बीआरटीएस लेन में लगी ग्रिलें चुराने वाले और खरीदने वाले दोनों पर एफआईआर दर्ज की जाए।
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने इस दौरान शहर में बनाए जा रहे साइकिल ट्रैक पर भी इन्कवायरी करने की बात कही। शहर के सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि दिशा कमेटी इस बात की जांच करती है कि शहर में हो रहे विकास कार्य सही तरीके से हों और लोगों को कोई मुश्किल ना आए।
उन्होंने कहा कि कूड़े की समस्या से निजात पाने के लिए डंप साइट पर और नई मशीनें लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रंजीत एवेन्यू में कूड़ा उठाने वाले ट्रकों की पार्किंग तुरंत बंद की जानी चाहिए। उन्होंने तुंग ढाब, मानांवाला, भक्तांवाला सहित शहर के नालों और तरन तारन रोड पर स्थित नालों में बहने वाले औद्योगिक अपशिष्ट जल पर चिंता व्यक्त की और एक सार्थक समाधान खोजने के लिए कहा।
उन्होंने इन गंदी नहरों में गिरने वाले औद्योगिक पानी को रोकने तथा इन नहरों के पानी को साफ कर उसका समुचित उपयोग करने के लिए एक परियोजना बनाने के भी निर्देश दिये। औजला ने कहा कि केंद्र सरकार से संबंधित काम मुझे सौंप दिया जाए ताकि मैं शुरू होने वाले इस सत्र में मौके पर जाकर काम कर सकूं।
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि कूड़े की समस्या के लिए वह खुद जिम्मेदार ना बनें। अगर घर में कूड़ा लगा तो बाहर जहां वो फेंक रहे हैं वहां से भी मच्छर मक्खियां उनके घर के अंदर आएंगी और बिमारी फैलाएंगी। इसीलिए अपने घरों के अलावा आस-पास को भी साफ रखें।
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों से कहा कि जो भी अंडरपास बनाए जा रहे हैं वे 5.5 मीटर के होने चाहिए ताकि लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो। उन्होंने बीआरटीएस बस सेवा को दोबारा शुरू करने पर जोर देते हुए कहा कि इन बसों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है न कि इन्हें बंद करने की. उन्होंने लोगों की सुविधा के लिए इन बसों को जल्द शुरू करने की मांग की है।
एस: औजला ने राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए अधिग्रहित भूमि के लिए किसानों को उचित मुआवजा तुरंत जारी करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य समय से पूरे होने चाहिए।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, आजीविका मिशन, प्रधान कौशल विकास योजना, सियाल हेल्थ कार्ड, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और अन्य चल रही योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने इस दौरान सभी सरकारी विभागों को भी निर्देश दिए कि सोलर के जरिए बिजली लें और उसका प्रयोग करें।
इस दौरान उन्होंने कैनाल वाटर प्रोजेक्ट के बारे में भी लोगों से अपील की कि इस प्रोजेक्ट को चलाने में सरकार की मदद करें क्योंकि इसके साथ उन्हें बेहतरीन पानी मिलेगा और उनके बच्चों के भविष्य के लिए यह प्रोजेक्ट चलते रहने चाहिए। इस दौरान मौजूद डीसी साक्षी साहनी ने समिति के सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया और निर्धारित समय के भीतर काम पूरा करने का आश्वासन दिया और कहा कि जो भी अधिकारी किसी भी तरह से लापरवाही करेगा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर निगमायुक्त श्री गुलप्रीत सिंह औलख, अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती परमजीत कौर, एस.डी.एम. श्री गुरसिमरन सिंह ढिल्लों और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।