मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गांदरबल के निवासियों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, उनकी समस्याओं पर निरंतर समर्थन और समय पर कार्रवाई का वादा किया। उन्होंने स्थानीय समस्याओं को दूर करने के लिए गांदरबल के निवासियों से सीधे जुड़ने के लिए डाक बंगला गांदरबल में एक सार्वजनिक बैठक आयोजित करते हुए यह बात कही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, गांदरबल के उपायुक्त श्यामबीर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। गांदरबल के विभिन्न क्षेत्रों से आए कई प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने महत्वपूर्ण मुद्दे रखे और समय पर समाधान के लिए उनके हस्तक्षेप की मांग की।
शालबुघ के प्रतिनिधिमंडल ने अग्निशमन सेवा सुविधा की स्थापना और हाई स्कूल के उन्नयन, गुंड रोशन में एक खेल के मैदान के विकास, जिसके लिए भूमि का एक बड़ा हिस्सा उपलब्ध है, लती गुंड रोशन में जेहलम की ओर से बैंक नाले के सुदृढीकरण, एक विकास खंड के निर्माण, पीएचसी बटविना में कर्मचारियों की कमी को दूर करने और स्वास्थ्य उप-केंद्र का उन्नयन करने की मांग की।
अन्य प्रतिनिधिमंडलों ने दुदरहामा नाले की ड्रेजिंग और डीसिलिं्टग, तुल्लमुल्ला में खेल के मैदान के विकास, वुर्पाश में एक सामुदायिक हॉल के निर्माण और काकासराय से गांदरबल तक मैकेनिकल सब-डिवीजन के स्थानांतरण का अनुरोध किया।
अतिरिक्त मांगों में जिले में एक महिला कॉलेज, जिला अस्पताल में एक सीटी स्कैन सुविधा, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरना, आगामी औद्योगिक एस्टेट गांदरबल में कोल्ड स्टोरेज सुविधा स्थापित करना, रोजगार के अवसर पैदा करना आदि शामिल है।
इसी तरह, ब्लॉक सफापोरा के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य क्षेत्र के मुद्दों और पत्थर खदान श्रमिकों के मुद्दों पर प्रकाश डाला। एक अन्य प्रतिनिधिमंडल ने निर्माण सामग्री की अत्यधिक लागत, जिले में लघु खनिजों के अवैध और बड़े पैमाने पर खनन से संबंधित मुद्दों के बारे में शिकायत की।
इसके अतिरिक्त, कई व्यक्तियों ने व्यक्तिगत शिकायतों पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री से संपर्क किया और उनकी सहायता मांगी। जवाब में, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उपायुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए कि उठाई गई सभी वास्तविक चिंताओं का तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों की गहन समीक्षा की जाएगी और समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा।