Friday, 05 June 2026

 

 

खास खबरें डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध शक्तियों पर संसद के मतदान को बताया 'फिजूल' सरबजीत सिंह झिंझर की ‘बोलेगा घनौर बदलेगा दौर’ पदयात्रा के छठे दिन घनौर में पेयजल संकट की हकीकत आई सामने इंडोनेशिया ओपन : पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी की हार के साथ भारत का सिंगल्स अभियान समाप्त तेल आयात कम करने से लेकर किसानों की समृद्धि तक : हरदीप सिंह पुरी ने पहले फ्लेक्स-फ्यूल यात्री वाहन का शुभारम्भ किया भारत और ब्रिटेन ने महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला वेधशाला शुरू की 144 वर्षों में किसी सरकार ने नहरों का पानी नहीं लेने दिया, मुख्यमंत्री भगवंत मान किसानों के मसीहा बने : मनविंदर सिंह ग्यासपुरा पीएम मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर ने देखा ऐतिहासिक बदलाव : सीएम पेमा खांडू हरपाल सिंह चीमा ने मुलाजिम यूनियनों से की मुलाकात मंत्रिमंडल की बैठकों में लिए गए 99 प्रतिशत निर्णय पूरी तरह कार्यान्वितः जगत सिंह नेगी मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक आयोजित एमवाई भारत ने 3.9 लाख क्विज़ पार्टिसिपेंट्स के साथ गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जितिन प्रसाद ने आईआईएफटी में जीबीआरसी 2026 का उद्घाटन किया शिमला पहाड़ी चौक की वर्षों पुरानी जलभराव समस्या का समाधान पंजाब पुलिस ने बड़ी आतंकी साजिश को किया नाकाम रोटरी क्लब रोपड़ सेंट्रल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश का आधिकारिक दौरा सरकार 2027 तक 5,000 ई85 फ्यूल स्टेशन शुरू करेगी : हरदीप सिंह पुरी 1 किलोवाट उपभोक्ताओं के घर बिना बैंक गारंटी लगेगा सोलर सिस्टम, बिजली बिल होगा शून्य : अनिल विज सीएम मोहन चरण माझी ने बैठक में आपदा जोखिम कम करने पर ब्रिक्‍स के बीच सहयोग की अपील की नशों के खिलाफ अभियान को और मजबूत बनाने के लिए अमृतसर केंद्रीय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित नशाविरोधी अभियान के दौरान हवलदार शहीद भारत की ओर बढ़ रहा है दीर्घकालिक वैश्विक निवेश, निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद गंतव्य बना देश : पीयूष गोयल

 

भाजपा ने उप्र में इस तरह तोड़ी गठबंधन की जातीय गांठ

Listen to this article

5 Dariya News

नई दिल्ली , 26 May 2019

Last updated on: May 26, 2019, 00:00 IST

दिल्ली का दरवाजा उत्तर प्रदेश से खुलता है। इस समयसिद्ध कहावत को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा-रालोद का महागठबंधन बन जाने के बावजूद दिमाग में रखा, और ठान लिया कि इस तथाकथित महागठबंधन की गांठ उसे हर हाल में खोलनी और तोड़नी है। इसके लिए उसने चुस्त और दुरुस्त रणनीति तैयार की, जिसमें वह पूरी तरह सफल हुई। भाजपा ने राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से 62 पर जीत दर्ज कर हर किसी को चकित कर दिया है।दरअसल, किसी भी लड़ाई को जीतने के लिए सेना की जरूरत होती है। थल सेना और वायुसेना दोनों की। यदि क्षेत्र समुद्र से लगा हुआ है, तो नौसेना भी चाहिए। लेकिन यहां भाजपा को जो जमीन जीतनी थी, उसके लिए उसे थल सेना और वायुसेना की जरूरत थी। यानी जमीन पर घुस कर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की और माहौल बनाने के लिए भाषणबाज नेताओं की। भाजपा के पास दोनों थे, बस उन्हें तैनात कर 'एक्टिव मोड' में डालने की जरूरत थी। भाजपा ने ऐसा ही किया।पार्टी ने केंद्र की विभिन्न योजनाओं उज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, किसान सम्मान निधि से लाभ पा चुके लाभार्थियों की सूची बनाई, और हर शहर, गांव और मुहल्लों में संबंधित कार्यकर्ताओं को सूची पकड़ा दी। एक कार्यकर्ता को पांच लाभार्थियों की जिम्मेदारी दी गई, जिनसे उन्हें प्रतिदिन मिलना था और जिले के आईटी सेल के एक नंबर पर मिस्ड काल करानी थी। इस काम में पूरे राज्य में लगभग 30 लाख कार्यकर्ताओं को लगाया गया था। इनमें ज्यादातर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े समर्पित कार्यकर्ता थे।वाराणसी से लगे मिर्जापुर के ऐसे ही एक कार्यकर्ता ने आईएएनएस को बताया, "यह हमारी जिम्मेदारी थी। हमें पांच लाभार्थियों की जिम्मेदारी दी गई थी। हमें हर हाल में हर रोज उनसे मिलना था और उन्हीं के मोबाइल से आईटी सेल के नंबर पर मिस्ड काल करानी थी, ताकि पार्टी को पता चल जाए कि हमने अपना काम किया।" कार्यकर्ता ने नाम जाहिर न करने के अनुरोध के साथ बताया कि पूरे प्रदेश में इसी तरह की व्यवस्था की गई थी। उसने कहा, "आखिर हमें महागठबंधन से लड़ना था, तो इस तरह से काम करना ही पड़ेगा।"कार्यकर्ता ने आगे कहा, "चूंकि हम एक ही आदमी से हर रोज मिलते थे, इसलिए जैसे ही हम उनके पास पहुंचते, वे पहले ही बोल देते कि 'वोट मोदी जी को ही देंगे आप निश्चिंत रहिए'। फिर भी हम उनसे मिस्ड काल कराते थे। उनसे उज्वला योजना में मिले गैस-चूल्हे का हाल पूछते, शौचालय और आवास का हाल पूछते। इससे उनके भीतर हमारे प्रति आत्मीयता बनती है।"

कार्यकर्ता ने हालांकि यह भी कहा कि यह काम कठिन भी था। उसने कहा, "पहले पार्टी में इस तरह काम नहीं करना होता था। लेकिन अब बहुत मेहनत है। हम ऐसे ही नहीं बोल सकते कि यहां गए थे, वहां गए थे या इनसे मिले, उनसे मिले। अब काम में पूरी पारदर्शिता चाहिए, वरना दूसरे लोग कतार में खड़े हैं।"इस पूरी कसरत के सूत्रधार रहे उप्र भाजपा के संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी इस बात को स्वीकार करते हैं कि लगभग 30 लाख कार्यकर्ताओं को प्रचार में लगाया गया था। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाएं और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की प्रबंधन कुशलता जमीन पर उतरी और हमें कामयाबी मिली। हमारे संगठन के लगभग 30 लाख कार्यकर्ता पिछले एक साल से योजनाओं के प्रचार-प्रसार में लगे हुए थे।"उन्होंने बताया कि 53 सीटों पर भाजपा का जीतना तय था 27 सीटों पर कड़ा मुकाबला था और ऐसी सीटों पर ही हमारे प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह ने बहुत मदद पहुंचाई।तो भाजपा ने इस तरह जमीन पर अपनी मजबूती बनाई। यह अलग बात है कि आवारा पशुओं की समस्या, खेती की बुरी हालत से किसान परेशान थे, मगर वे ऐसी जमीन भी थे, जहां दूसरी पार्टी के कार्यकर्ता नहीं पहुंच पा रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनसे जुड़ाव स्थापित किया। उन्हें तबतक बार-बार बताया कि मोदी सरकार ने आपके लिए ये काम किया है, जबतक कि उनसे वोट नहीं ले लिया।

लेकिन बात इतने से भी नहीं बनने वाली थी। क्योंकि बेरोजगारी के कारण युवा वर्ग बुरी तरह परेशान और नाराज था। युवाओं को अपने पाले में करने के लिए भाजपा के पास कोई औजार नहीं था। बेरोजगारी 45 साल के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच चुकी थी। नोटबंदी और जीएसटी ने कोढ़ में खाज का काम किया था। और सामने सपा-बसपा-रालोद का अपराजेय कहा जाने वाला गठबंधन था।इसी बीच बिल्ली के भाग से छीका टूटा, और पुलवामा में बीएसएफ के काफिले पर पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने हमला कर दिया, 40 जवान मारे गए। उसके बाद भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में आतंकी शिविर पर एयर स्ट्राइक की। भाजपा और इसके नेताओं ने भाषणों में खुलकर इसका श्रेय लिया और अपनी शौर्यगाथा का बखान किया- 'हमने पाकिस्तान को घर में घुस कर मारा।' यह कुछ इस तरह था, जैसे भाजपा ऐसी किसी घटना का इंतजार कर रही थी। फिर क्या देश में राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा की लहर चल पड़ी। देश की आवाम खासतौर से युवा वर्ग राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर अपनी बेरोजगारी भूलकर मोदी का मुरीद हो गया। जाति की ही नहीं, सारी गांठें खुल गईं। उसके बाद जो हुआ, चुनाव परिणाम के रूप में सामने है। भाजपा अपनी सहयोगी अपना दल के साथ मिलकर उप्र में 62 सीटें जीतने में कामयाब हो गई। सपा-बसपा गठबंधन को मात्र 15 सीटें मिलीं। कांग्रेस एक सीट पर सिमट गई। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी अपनी पारंपरिक सीट अमेठी हार गए।

 

Tags: Election Special , Election 2019

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD