हिमाचल में मक्खन की मूर्ति देखने उमड़े भक्त
Web Admin
5 दरिया न्यूज
कांगड़ा(आईएएनएस) , 16 Jan 2014
ब्रजेश्वरी देवी को अपनी श्रद्धा अर्पित करने और 1,400 किलोग्राम मक्खन से बनी देवी की मूर्ति को देखने के लिए अनेकों श्रृद्धालु प्रतिदिन ब्रजेश्वरी देवी मंदिर आ रहे हैं। मंदिर अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मंदिर अधिकारी पवन पटियाल ने आईएएनएस को बताया कि 18 पुजारियों द्वारा बनाई गई 14 क्विंटल मक्खन की यह मूर्ति 20 जनवरी तक देवी की पिंडी पर रहेगी।उन्होंने बताया कि मक्खन की मूर्ति श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए घी से बनाई गई है। पुजारियों ने इस घी को अनोखी तकनीक से पानी से 108 बार शुद्ध किया है।किंवदंती है कि दानवों के साथ युद्ध के दौरान देवी जब घायल हो गईं थीं तो देवताओं द्वारा मकर संक्रांति पर मक्खन से उनके घावों का उपचार किया गया था।20 जनवरी को जब पिंडी से घी हटाया जाएगा, तब इसे श्रद्धालुओं के बीच बांट दिया जाएगा। मान्यता है कि यह मक्खन पुराने त्वचा रोगों और जोड़ों के दर्द का उपचार करता है।उत्तर भारत के व्यस्त तीर्थो में से एक ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में तीर्थयात्री आते हैं।