कांग्रेस के जिला सचिव एवं हिमाचल प्रदेश युवा ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला ब्राह्मण सभा दीवान चंद शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह द्वारा ब्राहमण कल्याण बोर्ड गठित करने की घोषणा का स्वागत किया है। अजय शर्मा तथा ब्राह्मण कल्याण सभा ने समुदाय की लम्बे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया है।उन्होंने कहा कि इस निर्णय से न केवल ब्राह्मण समुदाय को अपने मुद्दे रखने के लिए उचित मंच उपलब्ध होगा बल्कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक प्रभावशाली इकाई भी गठित होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस निर्णय के लिए ब्राह्मण कल्याण सभा उन्हें सम्मानित भी करेगी।अजय शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार की प्रत्येक पहल, प्रत्येक निर्णय जन कल्याण की भावना से प्रेरित है और जनता के व्यापक हितों को साधता है। उन्होंने कहा कि विगत कई वर्षों से ब्राह्मण समुदाय द्वारा ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठित करने बारे मांग जोर शोर से उठाई जा रही थी लेकिन हिमाचल के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा कर दूरदर्शिता का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठित होने से ब्राह्मण समुदाय से संबंधित गरीब तथा निर्धन परिवारों का कल्याण सुनिश्चित हो सकेगा तथा गरीबों तथा निर्धनों के लिए नए कार्यक्रम एवं योजनाएं भी आरंभ करने में मदद मिलेगी। इससे पहले ब्राह्मण समुदाय से संबंधित गरीब तथा निर्धन परिवारों को अपनी आवाज उठाने के लिए उचित मंच नहीं मिल पाया था जिसके चलते ब्राह्मण समुदाय के गरीब तथा निर्धन लोग अपने आप को असहाय महसूस कर रहे थे लेकिन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ब्राह्मण समुदाय के लिए कल्याण बोर्ड गठित करने की घोषणा कर सम्मान दिया है जिसका ब्राह्मण समुदाय कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हमेशा याद रखेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने 11 महीने की छोटी सी अवधि में जनहित के सैकड़ों निर्णय लिए हैं जिनसे राज्य का प्रत्येक व्यक्ति लाभांवित हुआ है। प्रदेश सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों और समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास एवं संतुलित विकास के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही है ताकि निर्धन तथा निर्बल वर्ग का उत्थान एवं कल्याण सुनिश्चित किया जा सके।