Friday, 26 April 2024

 

 

खास खबरें माझा में गरजे मान! शैरी कलसी के लिए गुरदासपुर में किया चुनाव प्रचार अमृतसर में बोले मान - माझा वाले जब मन बना लेते हैं तो फिर बदलते नहीं है, इस बार 'आप' को जीताने का मन बना लिया है कांग्रेस महिलाओं को नौकरियों में 50 प्रतिशत आरक्षण देगी: लांबा लोकसभा चुनाव में मतदान बढ़ाने की अनोखी पहल राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए लोगों को गुमराह कर रहा अकाली दल : परनीत कौर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सड़क सुरक्षा पुरस्कार प्रदान किए युवा देश का भविष्य, लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी करें सुनिश्चित : हेमराज बैरवा हरियाणा विधानसभा द्वारा गठित तथ्य-जांच समिति में प्रदेश सरकार के दो मंत्री शामिल बोलने का हक भी छीन रही पंजाब सरकार कैथल में अंबाला रोड पर भगवान विश्वकर्मा चौक के निकट चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया ज़मीन के इंतकाल के बदले 10,000 रुपए रिश्वत लेता हुआ पटवारी विजीलैंस ब्यूरो द्वारा काबू 20,000 रुपए की रिश्वत लेता हुआ सीनियर सहायक विजीलैंस ब्यूरो द्वारा काबू आर.टी.ओ ने सेफ स्कूल वाहन स्कीम का उल्लंघन करने वाली 23 बसों के काटे चालान कांग्रेस देश को धर्म और जाति के नाम पर बांटने का काम कर रही : डॉ. सुभाष शर्मा ‘मानव एकता दिवस’ के अवसर पर निरंकारी मिशन द्वारा 296 युनिट रक्त दान किया गया मार्कफैड के एम.डी. ने निर्विघ्न खरीद कार्यों को सुनिश्चित बनाने के लिए सम्बन्धित डिप्टी कमिश्नरों के साथ लुधियाना, मोगा और फिऱोज़पुर की मंडियों का किया दौरा जिला एवं सत्र न्यायधीश की ओर से जिला कानूनी सेवाएं अथारटीज के सदस्यों के साथ बैठक जिला एवं सत्र न्यायधीश की ओर से जिला कानूनी सेवाएं अथारटीज के सदस्यों के साथ बैठक हीट-वेव से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश राजीव के हाथ के खाने का स्वाद आज तक नहीं भूले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से प्रशिक्षु अधिकारियों ने भेंट की

 

नोटबंदी : मियाद खत्म, करिश्मे की बारी

Listen to this article

Web Admin

Web Admin

5 Dariya News

29 Dec 2016

कालाधन, राजनैतिक रसूख, डिजिटल लेन-देन और अपने ही सीमित पैसों के लिए कतार में छटपटाता 90 फीसदी बैंक खाताधारी आम भारतीय। शायद यही भारत की राजनीति का एक नया रंग है जो 'नोटबंदी' के रूप में एकाएक, आठ नवंबर रात की आठ बजे अवतरित हुआ और सम्मोहन जैसा, चुटकी बजाते देशभर में छा गया। अमेरिका में ट्रंप की जीत से लोग जितना भौंचक हुए, उससे कहीं ज्यादा नोटबंदी और बाद की जनप्रतिक्रियाओं से राजनीतिज्ञ अर्थशास्त्री भौंचक हैं। कतार में घंटों खड़े, लुटे-पिटे लोग भले ही नोटबंदी की बारीकियों को न समझें, लेकिन इतना कहने से गुरेज भी नहीं करते कि 'आज की परेशानी कल फायदेमंद' होगी।किसको फायदा? कैसा फायदा? शायद इस तर्क में आम आदमी जाना भी नहीं चाहता। लेकिन 'मुंगेरीलाल से हसीन सपने देख रहे लोगों' के मर्म को समझना होगा। सवाल यह नहीं है कि नोटबंदी से फायदे और नुकसान क्या होंगे, सवाल यह भी नहीं है कि कैशलेस या लेसकैश इकोनॉमी का नया दांव चलकर राह बदली जा रही है।

अगर सवाल है तो केवल इतना कि भारत में, भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी और मजबूत हैं तथा इससे अजीज आम हिंदुस्तानी कुछ भी करने, सहने को तैयार है। इतना तक कि अगर नोटबंदी से कुव्यवस्थाएं खत्म हों तो देश अगले और 50 दिन कतार में खुशी-खुशी लग सकता है। भ्रष्टाचार के चरम और लालफीताशाही के ऑक्टोपस में जकड़ा आम भारतीय नोटबंदी में एक नए साफ, सुथरे भारत के भविष्य का सपना देख रहा है। काश यह सच हो पाता! निश्चित रूप से प्रधानमंत्री की मंशा कुछ भी रही हो, लेकिन आम हिंदुस्तानियों की मंशा क्या है? जगजाहिर है।दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पौने तीन वर्ष के कार्यकाल में देश-विदेश में बड़ी-बड़ी बातें कहीं, खूब सपने दिखाए, जबरदस्त वाहवाही लूटी। विदेशों में मेगा इवेंट से मंच लूटने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री भी बने। लेकिन उन्हें पता है कि बातों से कुछ नहीं होने वाला, कुछ नया करना होगा। उन्होंने जादुई अंदाज में नोटबंदी का बड़ा और अप्रत्याशित दांव चला और लोग सम्मोहित हो गए। 

शायद उन्हें पता था कि भ्रष्टाचार की छांव तले, दबा-कुचला आम भारतीय अपने हक और भविष्य के लिए कितना चिंतित है, परेशान है। प्रधानमंत्री ने लोगों की इसी दुखती रग को समझा और नासूर बन चुके कालाधन और भ्रष्टाचार का वो पासा फेंका, जिससे देश में एक नई सनसनी कहें या क्रांति फैल गई। ट्रांसपेरेसी इंटरनेशनल की बीती रिपोर्ट जरूर उत्साह से भरी रही। भारत भ्रष्टाचारियों की सूची में 85 से नीचे खिसककर 76वें पायदान पर आ गया है। यह एक शुभ संकेत है। हो सकता है, इसी संकेत से मोदीजी ने भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे देशवासियों को एक झटके में मुक्ति दिलाने के लिए कुछ अजूबा करने की फिराक में नोटबंदी जैसा कथित दूरगामी परिणाम का फैसला कर लिया हो।यह प्रधानमंत्री का बिरला साहस है जो बिना नफा-नुकसान की चिंता किए, निर्णय लिया। राजनीति में दांव ही सब कुछ है, बशर्ते उल्टा न पड़े। लेकिन भारत जैसे बड़े लोकतंत्र में, जहां राय बदलते देर नहीं लगती, नोटबंदी पर लोग लगातार प्रधानमंत्री के साथ हैं, ये क्या कम है। 

कतार में लगे या नोट की जुगाड़ में जुटे एक सैकड़ा से ज्यादा कथित मौतों को अगर भ्रष्टाचार मुक्त भारत के लिए कुर्बानी कहें तो ये कुर्बानियां बेकार नहीं जानी चाहिए। उल्टा गर्व ही होगा, क्योंकि इतनी बड़ी जंग और इतना ही बलिदान। पूर्ववर्ती सरकारों ने डिजिटल तकनीक और संचार क्रांति जैसी कई सौगातें देश को दीं। लेकिन मोबाइल नेटवर्क, लिंक और डेटा की पहुंच हर पल, हर किसी तक पहुंचाने में अक्षम भी रही। इसके उपयोग और समझ संबंधी जागरूकता भी नहीं फैलाई। इसी आधे अधूरे संचार तंत्र के साथ, प्रगतिशील भारत में नोटबंदी बनाम डिजिटल करेंसी बनाम प्लास्टिक मनी एक झटके में कैसे स्वीकार्य और फलीभूत होगी, यह नहीं पता। अलबत्ता, देश में गरीबी, अशिक्षा, कुपोषण, आतंकवाद की गहरी जड़ों के बीच नोटबंदी जैसा साहसिक फैसला देश को किस अंजाम तक पहुंचाएगा, इसके लिए इंतजार करना होगा।

यक्ष-प्रश्न अब समक्ष है कि आगे क्या होगा? नोटबंदी से क्या कालाधन वापस आया? कालाधन कब वापस आएगा? भविष्य में निरंकुश नौकरशाही पर शिकंजा कसा जा सकेगा? गरीबों, मजदूरों, किसानों, लाचारों के साथ समानता का व्यवहार हो पाएगा? लुभावनी सी लगती और कागजों पर सुंदर दिखती योजनाएं-परियोजनाएं हकीकत में अमली जामा पहन पाएंगी? विकास और निर्माण कार्यो में कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार रुकेगा? राजनीतिक दलों के छल-प्रपंच से देशवासी बचेंगे? क्या संसद में यूं ही विपक्ष यानी हंगामा दल और सत्तासीनों के मौन आडंबर का खेल चलता रहेगा?बहरहाल, लगभग पूरा देश नोटबंदी के सम्मोहन से सम्मोहित है और बाकी सारी बातें बेमानी। 50 दिनों की सीमा भी चुक गई, फिर भी पूरा समर्थन साथ है। बस इंतजार है कि कोई करिश्मा हो जाए, लेकिन कब? इसकी न कोई तारीख है न ही योजना, फिर भी लोग बड़ी उत्सुकता और धीरज से उस करिश्मे के इंतजार में हैं, जो उनकी जिंदगी बदलने वाला है। देखना है, पहले करिश्मा होता है या फिर सम्मोहन टूटता है। 

(लेखक स्वतंत्र पत्रकार हैं, ये उनके निजी विचार हैं)

 

Tags: Demonetisation

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2024 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD