कांग्रेस ने पार्टी कार्यालय का दौरा कर दिल्ली पुलिस द्वारा पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में की गई पूछताछ को 'अनावश्यक और अजीब' करार देते हुए इसकी निंदा की और इसे 'राजनीतिक जासूसी' करार दिया। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, "जिस प्रकार की राजनीतिक जासूसी, पीछा, सर्वेक्षण और घुसपैठ राजनीतिक विरोधियों की जिंदगी की हो रही है, वह गुजरात मॉडल हो सकता है, न कि भारतीय मॉडल।"रिपोर्टो के अनुसार, पुलिस पिछले सप्ताह कांग्रेस कार्यालय पहुंची थी और पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी शारीरिक बनावट- उनके कद, आंखों और बालों के रंग के बारे में पूछा था। वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि कांग्रेस कार्यालय का उसका दौरा नियमित सुरक्षा पड़ताल के तहत था।सिंघवी ने प्रेस सम्मेलन के दौरान यहां कहा, "कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस मुख्यालय के एक सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआई) को राहुल गांधी के आवास पर जासूसी करते, अजीब और अनावश्यक बातें करते पाया गया। जब स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने पूछताछ की तो पाया गया कि वह राहुल की कद-काठी, आखों और बालों के रंग जैसी अजीब सवालों वाला फार्म फर रहे थे।"
सिंघवी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "भारत गौरवशाली लोकतंत्र है, न कि पुलिस राष्ट्र। इस तरह की राजनीतिक जासूसी निंदनीय है।"कांग्रेस ने गृह मंत्री और प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर बयान की मांग देने की मांग की।सिंघवी ने कहा, "हम प्रधानमंत्री या गृह मंत्री से नीचे किसी का जवाब नहीं चाहते हैं, यह कांग्रेस केंद्रित मुद्दा नहीं है, यह सभी राजनीतिक पार्टियों को प्रभावित करता है। हम इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे।"पुलिस ने कहा कि सुरक्षा घेरे में रहने वाले लोगों को लेकर समय-समय पर सर्वेक्षण कराया जाता है। इसमें कोई निजी बात नहीं पूछी गई।