थानेसर हलका से इनेलो प्रत्याशी व पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा तथा इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक निशान सिंह कांबोज ने थानेसर हलके के किरमिच गांव के साहनी फार्म पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश से कांग्रेस सरकार का जाना और इनेलो का सरकार बनाना सुनिश्चित है। उन्होंने हुड्डा सरकार को चंद दिनों की मेहमान बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के कुशासन से दुखी है। चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करके जनता इनेलो को सत्ता सौंपेगी। इनेलो नेताओं का साहनी फार्म में पहुंचने पर लोगों द्वारा फूल-माला डालकर भव्य स्वागत किया गया तथा सम्मान स्वरूप दोनों नेताओं को तलवार भेंट की गई। उन्होंने गांव दयालपुर, समशीपुर, किरमिच और बारना में भी जनसंपर्क करके इनेलो के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर कांबोज सभा के जिला प्रधान सरदार बख्शीश सिंह, जिला प्रवक्ता रामपाल शर्मा, जिला परिषद सदस्य चंद्रभान वाल्मीकि, हल्का उपाध्यक्ष दिलीप मिर्जापुर, संजू सरपंच, मास्टर हरि सिंह पांचाल, बलबीर सिंह बाजीगर, जीता रामपाल, सुबे सिंह किरमिच सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए इनेलो नेताओं ने कहा कि हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनावों में मोदी फैक्टर की हवा निकल चुकी है। कांग्रेस शासन से दुखी जनता ने लोकसभा चुनाव में विकल्प के रूप में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया था। हरियाणा में कांग्रेस का एकमात्र विकल्प इनेलो है। भाजपा का प्रदेश में कभी भी जनाधार नहीं रहा। जिस पार्टी के पास चुनाव लड़ाने के लिए प्रत्याशी भी न हों, वह सरकार क्या बनाएगी। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज से 25 वर्ष पूर्व वह जिस पार्टी से विधायक बने थे, आज भी उसी पार्टी में बने हुए हैं। कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज बताते हुए उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है। सत्ता में रहकर मलाई खाने वाले कांग्रेस नेता संकट के समय में पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दलबदलुओं को जनता चुनाव में सबक सिखाएगी। उन्होंने लोगों से इनेलो के पक्ष में मतदान करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के परिणाम आने पर चौ. ओमप्रकाश चौटाला प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। थानेसर हल्के में विकास कार्य करके पिछले दस सालों की कमी पूरी कर दी जाएगी।