पंजाब के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के गांव सुखेवाल और नंद वाला में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रमों के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितैषी प्रशासन उपलब्ध कराना तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
जनसभाओं को संबोधित करते हुए सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा, “जब वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में आई थी, तब स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब देश में 27वें स्थान पर था। आज पंजाब स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। यह उपलब्धि शिक्षा क्षेत्र में किए गए निरंतर सुधारों तथा सरकारी स्कूलों को सशक्त बनाने के प्रति हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता का परिणाम है।”
उन्होंने कहा, “एक समय ऐसा था जब सरकारी स्कूलों को केवल गरीब बच्चों के स्कूल के रूप में देखा जाता था और उनका मजाक उड़ाया जाता था। आज ‘स्कूल्स ऑफ एमिनेंस’ की स्थापना तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधारों के बाद पंजाब ने केरल को भी पीछे छोड़ते हुए स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। यही वास्तविक जनसेवा है और हम इस दिशा में निरंतर कार्य करते रहेंगे।”विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के विकास का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव में विकास कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं तथा विकास परियोजनाओं के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़कें, पेयजल, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने क्षेत्र के समग्र विकास में सक्रिय सहयोग दें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।