पंजाब सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को उनके घरों के निकट उच्चस्तरीय एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज विधानसभा क्षेत्र साहनेवाल में 76.41 लाख रूपये की लागत से तैयार किए गए तीन नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए गए। इन क्लीनिकों का उद्घाटन पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री हरदीप सिंह मुंडियां ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, अन्य सरकारी विभागों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि बादल फ्लैट, मुंडियां कलां में 27.96 लाख रूपये की लागत से, पुराना बाजार, साहनेवाल में 22.06 लाख रूपये की लागत से तथा गांव ऊंची मंगली में 26.39 लाख रूपये की लागत से आम आदमी क्लीनिक तैयार कर जनता को समर्पित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ये क्लीनिक स्थानीय लोगों को उनके घरों के निकट ही बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को बेहतर, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आम आदमी क्लीनिकों की स्थापना से लोगों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां, विभिन्न प्रकार की जांचें तथा प्रारंभिक उपचार जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों में अनुभवी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की गई है, ताकि प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि अब छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि वे अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
श्री मुंडियां ने कहा कि पंजाब सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आम आदमी क्लीनिक इस मिशन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन क्लीनिकों में उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाएं तथा स्वस्थ पंजाब के निर्माण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर सिविल अस्पताल साहनेवाल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. रामेश कुमार ने भी आम आदमी क्लीनिकों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि लोगों को सभी स्वास्थ्य सेवाएं पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने पंजाब सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नए आम आदमी क्लीनिक शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ हो जाएंगी।