झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर मंगलवार तड़के हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना राजनगर थाना क्षेत्र के रोला-खैरबनी मोड़ के पास रात करीब दो बजे हुई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और कुछ ही देर में वे आग के गोले में तब्दील हो गए। ट्रेलर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, दूसरे वाहन के चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक हाइवा और ट्रेलर दोनों पूरी तरह जल चुके थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच-220 के चौड़ीकरण की मांग दोहराई।
उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जबकि सड़क संकरी होने के कारण आए दिन गंभीर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार से सड़क को फोरलेन बनाने तथा स्थायी सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।