श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद श्री मलविंदर सिंह कंग ने खरड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों जैंती माजरा, मसोल, कान्हे का वाड़ा, छोटी करोर, बड़ी करोर, गूड़े तथा कसौली का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर सांसद कंग ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि पंजाब सरकार द्वारा लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं तथा बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि जैंती माजरा, गूड़े, करौंदेवाला और कसौली में बरसाती नालों पर आवश्यक पुलियों के निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू करवाया जाएगा। श्री कंग ने कहा कि बरसात के मौसम में इन क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
पुलियों के निर्माण से न केवल यातायात सुचारू होगा, बल्कि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा भी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और लोगों की जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि विकास कार्यों से संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। ग्रामीणों ने सांसद का अपने क्षेत्र में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने तथा उनके समाधान के लिए पहल करने पर धन्यवाद व्यक्त किया।