पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भारतीय जनता पार्टी की तीखी आलोचना करते हुए, आरोप लगाया है कि वह राजनीतिक लाभ के लिए पंजाब में कट्टरपंथी तत्वों से नजदीकियां बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि यह दोगलेपन की नीति के समान है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा खुद को राष्ट्रवादी पार्टी बताती है, लेकिन दूसरी तरफ वह कट्टरपंथियों के साथ मंच साझा करने से भी परहेज नहीं करती है।
इसी संदर्भ में, अमृतसर के चौक मेहता में हरनाम सिंह धुम्मा की अगुवाई में आयोजित एक कार्यक्रम में महाराष्ट्र भाजपा के एक वरिष्ठ नेता की मौजूदगी पर प्रतिक्रिया देते हुए, वड़िंग ने भाजपा नेतृत्व से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने पूछा कि क्या महाराष्ट्र भाजपा का यह नेता पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहा था या फिर अपनी व्यक्तिगत हैसियत में वहां गया था? उन्होंने कहा कि दोनों ही परिस्थितियों में भाजपा को पंजाब के लोगों को जवाब देना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि कोई भाजपा का विरोध करता है, तो उसे तुरंत “राष्ट्र विरोधी” करार दे दिया जाता है, लेकिन अब इनके अपने नेता ऐसे लोगों के साथ मंच और स्थान साझा कर रहे हैं, जिनके विचारों से पूरा देश परिचित है। उन्होंने कहा कि किसी को भाजपा से देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन इस घटना ने पार्टी की दोगली नीति और पाखंड को उजागर कर दिया है।
एक ओर भाजपा दूसरों को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाती है और दूसरी तरफ चुनावी लाभ के लिए अवसरवाद का सहारा लेती है। वड़िंग ने भाजपा को याद दिलाया कि पंजाब ने आतंकवाद के काले दौर में हजारों लोगों की जान गंवाई है। उन्होंने कहा कि पंजाब ने विभाजनकारी और सांप्रदायिक विचारधारा को बहुत पहले ही खारिज कर दिया था।
अब चुनावी लाभ के लिए उसे दोबारा जीवित करने की कोशिश न करें। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए, कहा कि कुछ वोटों की खातिर आग से खेलना बंद करें। उन्होंने कहा कि पंजाबी कभी भी भाजपा और उसके विभाजनकारी एजेंडे तथा विचारधारा को स्वीकार नहीं करेंगे। आज भाजपा स्वयं बेनकाब हो गई है कि चुनावी लाभ के लिए वह किसी भी हद तक गिर सकती है।
वड़िंग ने कहा कि पंजाब में शांति बहाल करने के लिए हजारों लोगों के साथ-साथ कांग्रेस ने सबसे बड़ी कुर्बानी दी है। हमने एक प्रधानमंत्री और एक मुख्यमंत्री को उसी नफरत फैलाने वाली विचारधारा के कारण खोया है, जिसे आज भाजपा अपने वैचारिक रिश्तेदारों की तरह अपना रही है और गले लगा रही है।