चंडीगढ़ के सरकारी विद्यालयों में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित एवं सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 3 फरवरी 2026 को यूटी सचिवालय, सेक्टर-9 में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शिक्षा-सह-खेल सचिव, यूटी चंडीगढ़, सुश्री प्रेरणा पुरी, आईएएस ने की।
बैठक में श्री नितिश सिंगला, पीसीएस, निदेशक स्कूल शिक्षा तथा श्री सौरभ अरोड़ा, पीसीएस, निदेशक खेल सहित यूटी चंडीगढ़ की 12 खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान यूटी चंडीगढ़ के सरकारी विद्यालयों में खेल अवसंरचना एवं सुविधाओं के विकास तथा खेल गतिविधियों के विस्तार के लिए विभिन्न खेल संघों की सक्रिय सहभागिता पर विस्तृत चर्चा की गई।
विशेष रूप से परिधीय विद्यालयों में खेल गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर बल देते हुए शिक्षा विभाग, खेल विभाग एवं खेल संघों के बीच प्रभावी समन्वय पर जोर दिया गया। इस अवसर पर वॉलीबॉल, जिम्नास्टिक, सॉफ्टबॉल, भारोत्तोलन, हैंडबॉल, कबड्डी, गोल्फ, गतका, टेबल टेनिस, नेटबॉल, फुटबॉल एवं लॉन बॉल्स संघों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने प्रस्ताव प्रस्तुत किए तथा विद्यालयी छात्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु सुझाव साझा किए।