हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने शुक्रवार को डबवाली रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर यात्रियों से मुलाकात की और ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के तहत आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाने हेतु स्वदेशी अपनाने संबंधी पैम्फलेट भी वितरित किए। उन्होंने यात्रियों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया और भारतीय उद्यमियों एवं कारीगरों का समर्थन करके एक मजबूत व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्टेशन पर मौजूद आमजन को भी स्वदेशी अपनाने के महत्व से अवगत कराया गया। श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से आग्रह किया है कि यदि हम अपने घरों में स्वदेशी और स्थानीय रूप से निर्मित उत्पादों का उपयोग करेंगे, तो देश आत्मनिर्भर बनेगा।
इतिहास गवाह है कि चाहे स्वतंत्रता संग्राम हो या कोई और बड़ा अभियान, देशवासियों ने हमेशा एकजुट होकर राष्ट्रहित के कार्यों को पूरा किया है। श्री गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों से देश निरंतर प्रगति कर रहा है।
कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के समय भारत के पास न पीपीई किट थी, न दस्ताने, न वेंटिलेटर, लेकिन ‘आपदा में अवसर’ के मंत्र को अपनाते हुए भारत ने न केवल अपनी आवश्यकताएँ स्वयं पूरी कीं, बल्कि दुनिया के अन्य देशों को भी चिकित्सा सामग्री और वैक्सीन भेजकर मदद की। यह आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम था।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होने पर देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य प्रधानमंत्री ने रखा है और यह लक्ष्य पूरी तरह से संभव है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत हर नागरिक को संकल्प लेना चाहिए कि वे अपने देश में बने सामान ही खरीदें।
इससे जीडीपी बढ़ेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि हम सबको स्वयं से शुरुआत करनी होगी। रोजमर्रा के उत्पादों से लेकर अन्य आवश्यक चीज़ों में स्वदेशी को प्राथमिकता देंगे, तभी देश के उद्यमी और उद्योग सशक्त हो सकेंगे।