हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा स्वदेशी जागरण और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में पिछले 11 वर्षों के दौरान 7 लाख 66 हजार छोटे, बड़े नए उद्यम लगाए गए हैं।
इसके अलावा 9500 नए स्टार्टअप राज्य में शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरस मेला की तर्ज पर हरियाणा में भी जिला स्तर पर स्वदेशी मेला आयोजित किए जाने की योजना बनाई जा रही है। श्री कृष्ण लाल पंवार ने शुक्रवार को रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से मिलकर स्वदेशी जागरण अभियान चलाया। इस अवसर पर विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव भी उपस्थित रहे।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि स्वदेशी उद्योगों को प्रोत्साहन देकर ही भारत को विश्व में पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर देश बनाया जा सकता है। देश और प्रदेश की आर्थिक उन्नति के लिए यह आवश्यक है कि हम सभी अपने देश में बने हुए उत्पादों का ही दैनिक जीवन में उपयोग करें।
सभी नागरिक राष्ट्र भक्ति की भावना को मन में धारण करें और भारतीय उत्पाद को ही प्राथमिकता प्रदान करें। श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा में इस समय 12 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां चल रही हैं, जिनमें 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त है।
हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति- 2020 के अंतर्गत 400 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि नए उद्योग लगाने के लिए दी गई है। सरकार ने हरियाणा आत्मनिर्भर नाम से एक नया पोर्टल बनाया है, जिस पर स्वरोजगार के लिए आवेदन किया जा सकता है।