केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर ने बुधवार को पलवल जिला में यमुना के जल प्रभावित गांवों इंद्रानगर, मोहबलीपुर, अच्छेजा, काशीपुर और टिकरी गुर्जर का दौरा किया। इस दौरान वे इंद्रानगर में विशेष रूप से पहुंचे, जहां के ग्रामीणों की यमुना नदी में जलस्तर में वृद्धि के चलते अन्यत्र स्थान पर अस्थाई तौर पर ठहरने की व्यवस्था की गई थी।
केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के कारण देश - प्रदेश में काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बरसात से प्रभावित सभी परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और प्रशासन पूरी तरह से सजग है। मुख्यमंत्री पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की तरफ से ई क्षतिपूत पोर्टल 15 सितंबर तक खोला गया है।
श्री गुर्जर ने अपने दौरे के दौरान गांव मुस्तफाबाद के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए सेफ हाउस में जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को उपलब्ध करवाई जा रही व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें सेफ हाउस में भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी सभी सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है। उनके पशुओं के लिए भी प्रशासन ने ठहरने और चारे की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही उन्हें जरूरी सहयोग जिला प्रशासन की तरफ से दिया जा रहा है।