हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को एक चिकित्सा हब बनाने की परिकल्पना की है। इस विजन को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त संख्या की उपलब्धता पर जोर दे रही है।
स्वास्थ्य मंत्री आज अटेली (नारनौल) स्थित अपने कार्यालय में जन समस्याएं सुनने के बाद बोल रही थी। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में चिकित्सकों की भर्ती की गई है। प्रदेश में चिकित्सकों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जिला महेंद्रगढ़ में भी कुछ आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर्स ने भी ज्वाइन किया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रही है। वर्तमान में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 15 तक पहुंच गई है, जिनमें से 9 वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान खोले गए हैं, और 9 निर्माणाधीन हैं। जिला महेंद्रगढ़ में कोरियावास में मेडिकल कॉलेज के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है।
इसके अलावा झज्जर जिले के बाढसा में एक राष्ट्रीय कैंसर संस्थान स्थापित किया गया है और रेवाड़ी जिले के भालखी माजरा में एक एम्स भी स्थापित किया जा रहा है।