किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सूरोनबे जीनबेकोव ने 30 मई, 2019 को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत की।वर्तमान में किर्गिस्तान शंघाई सहयोग संगठन का अध्यक्ष है और वह मध्य एशिया में भारत का एक महत्वपूर्ण भागीदार है। राष्ट्रपति जीनबेकोव ने गर्मजोशी से प्रधानमंत्री को बधाई दी और 13-15 जून, 2019 तक होने वाले एससीओ शिखर सम्मेलन तथा एक द्विपक्षीय यात्रा के लिए किर्गिस्तान आने का निमंत्रण दिया।भारत और किर्गिस्तान के मधुर तथा मैत्रीपूर्ण संबंधों को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने पिछले वर्षों के दौरान दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति जीनबेकोव को गर्मजोशी से धन्यवाद दिया और किर्गिस्तान आने के निमंत्रण के लिए उनका आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह उत्सुकता से इस यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे हैं।