मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज यहां महर्षि वाल्मीकि जयन्ती के अवसर पर आयोजित ‘वाल्मीकि प्रकटोत्सव’ में भाग लिया। उन्होंने इस अवसर पर 2.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मि राजकीय उच्च पाठशाला कृष्णानगर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने नगर निगम शिमला के आयुक्त को नगर निगम में रिक्त क्रियाशील पदों को भरने तथा कृष्णानगर सड़क को पक्का करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि पवित्र ग्रंथ रामायण पुस्तक के रचयिता थे। उन्होंने लोगों को सच्चाई और न्याय के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।इसके उपरान्त, मण्डी पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने परिधि गृह से 83 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुनाग के भवन का लोकार्पण करने के अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले स्तरोन्नत नागरिक अस्पताल जंजैहली का भी लोकार्पण किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री कौल सिंह ठाकुर, ग्रामीण विकास मंत्री श्री अनिल शर्मा, आबकारी एवं कराधान मंत्री श्री प्रकाश चौधरी, मुख्य संसदीय सचिव श्री सोहन लाल ठाकुर, मिल्कफैड के अध्यक्ष श्री चेतराम ठाकुर, ज़िले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।मुख्यमंत्री ने परिधि गृह में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री राहुल गांधी की मंडी में आयोजित की जाने वाली रैली ऐतिहासिक होगी और इस रैली को ‘विकास से विजय की ओर’ नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोग स्वयं इस रैली के साक्षी होंगे और हम इस रैली का अन्य पार्टियों की तरह अतिश्योक्तिपूर्ण आंकड़ों का दावा नहीं कर रहे हैं। इस रैली में मोदी की बिलासपुर में आयोजित रैली से अधिक संख्या में लोग उपस्थित होंगे।