ब्राजील में चल रहे रियो ओलम्पिक में भारत को पहला पदक दिलाने वाली महिला पहलवान साक्षी मलिक के लिए हरियाणा सरकार ने 2.5 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। साक्षी हरियाणा के रोहतक की रहने वाली हैं।हरियाणा सरकार में खेल मंत्री अनिल विज रियो डी जनेरियो साक्षी के मुकाबले के दौरान वहीं मौजूद थे। विज ने साक्षी को इस उपलब्धी के लिए बधाई दी है।विज ने कहा कि हरियाणा सरकार साक्षी को खेल नीति के अनुसार 2.5 करोड़ रुपये का इनाम देगी। राज्य सरकार साक्षी को सरकारी नौकरी भी प्रदान कर सकती है।विज ने गुरुवार को कहा, "उन्होंने राज्य और देश का नाम रोशन किया है। मुझे उम्मीद है कि राज्य के अन्य खिलाड़ी भी आने वाली स्पर्धाओं में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।"साक्षी ओलम्पिक में पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान हैं। उन्होंने बुधवार देर रात किर्गिस्तान की अइसुलू टाइबेकोवा को 58 किलोग्राम वर्ग में पराजित करते हुए पदक पर कब्जा जमाया।