पंजाब के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता इस समय पंजाब के विकास की बजाय अपनी व्यक्तिगत राजनीतिक लड़ाई लड़ रहे हैं और उनके पास राज्य के विकास के लिए कोई ठोस रोडमैप नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर होड़ मची हुई है और जनता की इच्छा के विपरीत हर नेता मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में लगा हुआ है।
लोक निर्माण मंत्री ने यह विचार आज विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के गांव रायपुर खुर्द, सरजा, बेरियाना और कोट हयात में आयोजित 'लोक मिलनी' कार्यक्रम के दौरान जनसभाओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब का मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला राज्य के जागरूक मतदाता करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी नीतियों को देखते हुए पंजाब के लोगों ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी को सेवा का अवसर देने का मन बना लिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी एक बार फिर शानदार जीत हासिल करेगी।
शिरोमणि अकाली दल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बादल परिवार ने हमेशा पंथ का सहारा लेकर अपने राजनीतिक हित साधे हैं। उन्होंने कहा कि अकाली दल के शासनकाल के दौरान हुई श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाओं को पंजाब के लोग आज भी नहीं भूले हैं।
उन्होंने कहा कि अकाली दल अब केवल एक परिवार की पार्टी बनकर रह गया है और राज्य के लोगों ने उससे दूरी बना ली है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि देश की आजादी के बाद लंबे समय तक पंजाब में कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल की सरकारें रहीं, लेकिन इन पारंपरिक दलों के नेताओं ने राज्य के समग्र विकास की बजाय अपने और अपने रिश्तेदारों के हितों को प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ही पंजाब को विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनहितैषी नीतियों के रास्ते पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास, ईमानदार शासन और पंजाब की तरक्की को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी की जनहितैषी नीतियों का समर्थन करें।
इस दौरान लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने 'लोक मिलनी' कार्यक्रम के तहत विभिन्न गांवों के लोगों की समस्याओं और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोगों की जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगवाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान उनके घरों के निकट ही उपलब्ध कराना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की प्रत्येक जायज मांग को पूरा करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।