जिले के व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने आज पंजाब राज्य ट्रेडर्स आयोग के पदाधिकारियों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान व्यापारियों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके प्रभावी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
इस अवसर पर एस.एस.पी. डॉ. रवजोत गरेवाल भी मौजूद थे। डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने कहा कि पंजाब सरकार व्यापारियों को सुगम, पारदर्शी एवं अनुकूल कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व्यापारियों की प्रत्येक जायज़ समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगा तथा किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि व्यापारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जिले के सभी उप-मंडलों में एस.डी.एम. पंजाब राज्य ट्रेडर्स आयोग के चेयरमैनों एवं सदस्यों के साथ नियमित बैठकें करेंगे। इन बैठकों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ही व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर पंजाब राज्य ट्रेडर्स आयोग के चेयरमैन अरुण जिंदल ने कहा कि आयोग व्यापारियों और सरकार के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं सुझावों के संबंध में आयोग के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें, ताकि उनके मुद्दों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाकर समय पर उनका समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि आयोग व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा तथा उनके कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंकुर महिंदरू, जिले के सभी एस.डी.एम., पंजाब राज्य ट्रेडर्स आयोग के राज्य सचिव संजीव गुप्ता, आशुतोष, जिला चेयरमैन अरुण जिंदल, हलका धूरी के चेयरमैन पुष्पिंदर शर्मा, हलका संगरूर के चेयरमैन सुखजिंदर मान, हलका लहरा के चेयरमैन प्रिंस गर्ग, हलका सुनाम के चेयरमैन राम कुमार, हलका दिड़बा के चेयरमैन अजय बंसल सहित जिला प्रशासन के अधिकारी तथा ट्रेडर्स आयोग के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।