हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा है कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने में अधिकारी जिम्मेदारी निभाएं और सरकार की सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करे। राव नरबीर सिंह आज झज्जर में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
परिवेदना समिति की बैठक में कुल 16 परिवाद रखे गए, जिनमें से 10 का मौके पर निपटान किया गया। परिवेदना समिति की बैठक में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि मानसून सीजन शुरु होने से पहले झज्जर जिला के सभी सडक़ मार्गों को दुरुस्त किया जाए।
जहां भी सडक़ पर गड्डे बने हुए हैं, उनकी मरम्मत का कार्य तुरंत प्रभाव से किया जाए। गांव भंभेवा निवासी रामनिवास ने शिकायत रखी कि उनकी गली में कुछ लोगों ने अवैध कब्जा किया हुआ है। बेरी के बीडीपीओ ने बताया कि इस कब्जे का हटा दिया गया है।
राव नरबीर सिंह ने निर्देश दिए कि भविष्य में दोबारा कब्जा हो तो दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। गांव महराना निवासी धर्मबीर सिंह ने बताया कि उनके घरों के आसपास दूषित जलभराव की समस्या बनी हुई है। वन एवं पर्यावरण मंत्री ने कहा कि एक सप्ताह में यहां मिट्टी की भरत कर समस्या का निवारण किया जाए।
बैठक में गांव डीघल निवासी बुधराम ने बताया कि चार साल पहले उसके भाई का सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। इस मामले में शिकायत की गई तो जिला स्तर पर गठित किए गए बोर्ड से उसकी जांच करवाई गई, जिससे वह संतुष्ट नहीं है। उद्योग मंत्री ने कहा कि उपायुक्त अपने स्तर पर एक बार इस मामले का परीक्षण करे।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सिंचाई विभाग, बिजली विभाग, पंचायती राज, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि बारिश के दौरान किसी गांव में जलभराव ना होने पाए। उन्होंने गांवों के जोहड़ और पंचायती भूमि से नाजायज कब्जे हटवाने के भी निर्देश दिए।