कांग्रेस को 50 वर्षो तक आदिवासी याद नहीं आए : मोदी
Web Admin
5 दरिया न्यूज
बेतिया (बिहार) , 07 May 2014
Last updated on: May 07, 2014, 00:00 IST
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को वाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र के रामनगर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को आदिवासियों की याद आजादी के 50 वषरें तक नहीं आई, जबकि इस देश में आदिवासी पौराणिक काल से रहते आ रहे हैं। मोदी ने कहा, "कांग्रेस को गरीबों और पीड़ितों की परवाह नहीं है। कृष्ण और राम के समय से देश में रहने वाले आदिवासियों के बारे में आजादी के 50 वर्षो तक कांग्रेस को पता ही नहीं चला। जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार बनी तब आदिवासियों के कल्याण के लिए अलग मंत्रालय बनाया गया। तब तक कांग्रेस को आदिवासियों की याद नहीं आई।"मोदी ने 'नीच राजनीति' बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि गरीब व्यक्ति भी कोयले की चोरी नहीं करता परंतु यह सरकार कोयला खा गई। क्या यह 'नीच राजनीति' और 'नीच कर्म' नहीं है? उन्होंने भाजपा को किसानों की हितकारी बताते हुए कहा कि इस पार्टी की सरकार गरीबों की सुनेगी और गरीबों के लिए जीएगी। उन्होंने कहा कि आज किसानों की मेहनत के उचित दाम नहीं मिलते। भाजपा के घोषणा पत्र में भी समर्थन मूल्य के लिए एक फार्मूला तय करने की बात कही गई है। केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए मोदी ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशल गठबंधन (संप्रग) में शामिल कई दलों का इस चुनाव में खाता नहीं खुल पाएगा।